
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। बीना स्टेशन पर यार्ड रीमाडलिंग का काम पूरा होने के बाद भी प्लेटफॉर्म और मल्टीपल लाइन की फिटनेस नहीं मिलने से यात्री ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेल प्रशासन ने 16 से 25 अक्टूबर तक छह यात्री ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है। इसके तहत ग्वालियर-बीना और बीना-दमोह पैसेंजर सहित चार ट्रेनों को मालखेड़ी स्टेशन से चलाया जाएगा या वहीं तक विस्तारित किया जाएगा।
वहीं, नागदा-बीना और बीना-नागदा एक्सप्रेस का आंशिक समापन और प्रारंभ गुना स्टेशन से होगा। इससे बीना तक जाने या वहां से यात्रा शुरू करने वाले यात्रियों को परेशानी हो सकती है। यात्रियों को ट्रेन में सवार होने से पहले अपने निर्धारित स्टेशन और समय की जानकारी लेनी होगी।
ग्वालियर-बीना पैसेंजर (51884) 16 से 24 अक्टूबर तक बीना के बजाय मालखेड़ी स्टेशन तक जाएगी और वहां शाम 4:40 बजे पहुंचेगी। बीना-दमोह पैसेंजर (51885) भी इसी अवधि में बीना के बजाय मालखेड़ी से शाम 6:10 बजे रवाना होगी। दमोह-बीना पैसेंजर (51886) 17 से 24 अक्टूबर तक मालखेड़ी स्टेशन पर सुबह 11:45 बजे आंशिक रूप से समाप्त होगी। इस दौरान ट्रेन दमोह से सुबह 8 बजे चलेगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में त्योहारों से पहले बिजली संकट दूर, 90 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध बिजली, लगा नया ट्रांसफार्मर
वहीं, बीना-ग्वालियर पैसेंजर (51883) 17 से 24 अक्टूबर तक मालखेड़ी से दोपहर 12:20 बजे रवाना होगी। इन ट्रेनों का संचालन बीना स्टेशन को बायपास करते हुए फ्लाईओवर मार्ग से किया जाएगा।नागदा-बीना एक्सप्रेस गुना तक ही जाएगीनागदा-बीना एक्सप्रेस (19341) 17 से 24 अक्टूबर तक बीना के बजाय गुना स्टेशन पर आंशिक रूप से समाप्त होगी। वहीं, बीना-नागदा एक्सप्रेस (19342) 18 से 25 अक्टूबर तक बीना के बजाय गुना स्टेशन से प्रारंभ होगी। दोनों ट्रेनों के नौ-नौ फेरे प्रभावित रहेंगे।