भोपाल : 5 लाख के फेर में ऑटो ड्राइवर की किडनैपिंग, भदभदा श्मशान घाट ले जाकर पीटा; चंगुल से छूटकर पहुंचा थाने
आरोपी ऑटो ड्राइवर को भदभदा श्मशान घाट के पास सुनसान जगह ले गए और बकाया रकम को लेकर उसके साथ मारपीट की।
Publish Date: Sat, 22 Aug 2026 04:48:30 PM (IST)Updated Date: Sat, 22 Aug 2026 04:48:30 PM (IST)
फोटो एआई से तैयार की गई है।HighLights
- साईं मंदिर के सामने से अगवा
- श्मशान घाट के पास मारपीट
- चंगुल से छूटकर थाने पहुंचा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल । कमला नगर थाना क्षेत्र में पांच लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि तीन युवकों ने एक ऑटो चालक को सरेराह अगवा कर लिया।
बाइक सवार आरोपी उसे साईं मंदिर के सामने से जबरन अपने साथ ले गए और भदभदा श्मशान घाट के पास सुनसान जगह पर ले जाकर मारपीट की।
घायल चालक किसी तरह उनके कब्जे से निकलकर कमला नगर थाने पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रुपयाें के लेन-देन का विवाद
पुलिस के अनुसार 28 वर्षीय शुभम भटनागर ऑटो चलाता है। गुरुवार रात वह साईं मंदिर के सामने खड़ा था। इसी दौरान रितिक, शुभम और उनका एक साथी बाइक से वहां पहुंचे।
तीनों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाया और भदभदा श्मशान घाट के पास ले गए। वहां रुपयों के लेनदेन को लेकर उसके साथ मारपीट की गई।
आरोपियों का दावा है कि शुभम पर उनके पांच लाख रुपये बकाया हैं। वहीं शुभम का कहना है कि उसने आरोपियों से करीब डेढ़ लाख रुपये लेने हैं। इसी रकम को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।
मारपीट के बाद शुभम किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर थाने पहुंचा। पुलिस ने तीनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के पकड़े जाने के बाद लेनदेन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।