
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गरीबों को मुफ्त इलाज देने के उद्देश्य से शुरू की गई आयुष्मान भारत निरामयम् योजना में भोपाल के दो अस्पतालों की धांधली उजागर हुई है। आनंद नगर स्थित मारुति मल्टीस्पेशलिस्ट अस्पताल और सूखी सेवनिया बायपास चौराहा स्थित यशवी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल में फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद दोनों संस्थानों को योजना से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
मारुति मल्टीस्पेशलिस्ट अस्पताल में संवेदनहीनता की सारी हदें पार कर दी गईं। अस्पताल प्रबंधन ने कब्ज पीड़ित एक मरीज को बेवजह आईसीयू में भर्ती रखा। हद तो तब हो गई जब 21 अगस्त को मरीज की मौत होने के दो दिन बाद 23 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग की टीम निरीक्षण के लिए पहुंची। जांच टीम को निरीक्षण के दौरान मरीज मृत अवस्था में मिला, लेकिन अस्पताल प्रबंधन उसकी मौत के बाद भी आयुष्मान योजना के तहत क्लेम की रकम ऐंठने के लिए अप्रूवल रिक्वेस्ट भेजता रहा।
उधर, सूखी सेवनिया स्थित यशवी मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल के संचालक अरविंद गवन्डे के खिलाफ आयुष्मान योजना के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. रवींद्र गुप्ता की शिकायत पर सूखी सेवनिया थाने में बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि अस्पताल में बिना चिकित्सकीय मानकों के अवैध बेसमेंट में मरीजों का इलाज किया जा रहा था। साथ ही साधारण मरीजों को फर्जी तरीके से महंगे आईसीयू वार्ड में भर्ती दिखाकर शासन को भारी आर्थिक चपत लगाई जा रही थी।
वहीं, आयुष्मान भारत योजना में गड़बड़ियों को रोकने के लिए निगरानी टीम ने देर रात हमीदिया अस्पताल के पास स्थित मल्टी केयर अस्पताल पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अस्पताल में कई अनियमितताएं सामने आने की खबर है। टीम द्वारा तैयार की गई पूरी निरीक्षण रिपोर्ट बुधवार को जारी की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की दंडात्मक कार्रवाई तय होगी।
यह भी पढ़ें- मेरठ के एक गोदाम से बड़ी मात्रा में पकड़ीं नशीली दवाइयां, 3.93 लाख साइकोट्रोपिक कैप्सूल और टैबलेट मिले
आयुष्मान योजना में किसी भी तरह की धोखाधड़ी, फर्जीवाड़े या मरीजों के जीवन से खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मृत मरीज के नाम पर क्लेम और फर्जी भर्ती जैसी गंभीर अनियमितताओं पर सख्त एक्शन लेते हुए दोनों अस्पतालों को निलंबित कर एफआईआर दर्ज कराई गई है। दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी। - अरविंद शाह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी, आयुष्मान भारत निरामयम् (मप्र)।