
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। राज्य सरकार आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत कई बड़ी सुविधाएं शुरू करने जा रही है। उपचार की 355 नई प्रक्रियाएं (प्रोसीजर) जोड़ी जा रही हैं। इसमें सिजेरियन डिलीवरी के समय बच्चेदानी निकालना (सीजेरियन हिस्टेरेक्टॉमी), सेप्टिक शाक, फटे हुए पेट को बंद करना भी शामिल हैं।
योजना में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के उपचार की कई सुविधाएं शुरू की जा रही हैं। इसका उद्देश्य प्रदेश की मातृ और शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है। इन्हें मिलाकर आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत शामिल पैकेज की संख्या 1952 हो जाएगी। 274 बीमारियों के उपचार की राशि में बढ़ोतरी की जा रही है।
कैंसर से संबंधित 52, जनरल सर्जरी के 72, न्यूरो सर्जरी के 29, स्त्री एवं प्रसूति रोग के 21 और यूरोलॉजी के 83 पैकेज शामिल हैं। दरें बढ़ने का लाभ यह होगा कि अनुबंधित अस्पताल पैकेज की दर कम होने का बहाना बनाकर उपचार के लिए मना नहीं कर सकेंगे। रोगियों को अपने जेब से भी राशि नहीं देनी होगी। नए पैकेज व बढ़ी हुई दरें इस माह से लागू करने की तैयारी है। पहले अप्रैल में यह सुविधाएं बढ़ाई जानी थी, पर चुनाव आचार संहिता के चलते रोक दिया गया था।