
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नगर निगम ने दो धार्मिक अवसरों पर मांस बिक्री और पशुवध पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। साधु टीएल वासवानी के 147वें जन्मदिवस पर 25 नवंबर को संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) क्षेत्र में मांस विक्रय की सभी दुकानें बंद रहेंगी।
वहीं, संत श्री जिन तरण तारण जयंती के अवसर पर 16 दिसंबर को पूरे भोपाल नगर निगम सीमा क्षेत्र में पशुवध के साथ मांस, मुर्गा और मछली की बिक्री पर नगर निगम द्वारा प्रतिबंध लगाया गया है।
नगर निगम की ओर से जारी आदेश के अनुसार, 25 नवंबर को प्रतिबंध केवल बैरागढ़ क्षेत्र में लागू रहेगा, जबकि 16 दिसंबर को शहर के सभी क्षेत्रों में मांस विक्रय प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों में पशुवध भी नहीं किया जा सकेगा।
निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित तारीखों पर यदि कोई दुकानदार मांस, मुर्गा या मछली बेचते हुए पाया जाता है तो उसका लाइसेंस निरस्त किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित विक्रेता के खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की जा सकती है। निगम ने सभी मांस विक्रेताओं को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- MP को जल्द मिलेगा नया पुलिस मुखिया, UPSC ने भेजा तीन वरिष्ठ IPS अफसरों का पैनल, सीएम लगाएंगे अंतिम मुहर