
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश के नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के चयन की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) में संभावित नामों का पैनल तैयार करने के लिए बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में वरिष्ठ आइपीएस अधिकारियों वरुण कपूर, उपेंद्र जैन और प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के नाम का पैनल बनाया गया है।
आयोग द्वारा तैयार किए गए इन तीनों नामों के पैनल में से किसी एक अधिकारी का चयन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा। प्रशासनिक गलियारों में इस बात की प्रबल संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री के विदेश प्रवास पर जाने से पूर्व ही नए पुलिस महानिदेशक की नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश के वर्तमान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा का कार्यकाल आगामी 30 नवंबर तक है। उनके सेवानिवृत्त होने से पहले राज्य सरकार द्वारा नए पुलिस प्रमुख के नाम पर मुहर लगाने की कवायद की जा रही है, ताकि प्रदेश की कानून-व्यवस्था की कमान समय पर नए अधिकारी को सौंपी जा सके।
यह भी पढ़ें- एमपी में 280 नए रूट पर दौड़ेंगी बसें, 5 राज्यों के लिए खुलेंगे रास्ते, जल्द जारी होंगे नए परमिट