28 से 30 सितंबर तक बैंक हड़ताल : भोपाल के थोक व खुदरा व्यापारियों की बढ़ी चिंता; 12 हजार करोड़ के कारोबार पर संकट
हड़ताल के दौरान नकद जमा-निकासी, चेक, डीडी, ऋण, लाकर और शाखा आधारित कारोबारी भुगतान जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
Publish Date: Thu, 24 Sep 2026 08:04:16 PM (IST)Updated Date: Thu, 24 Sep 2026 08:04:16 PM (IST)
फाइल फोटो।HighLights
- बैंक हड़ताल से भोपाल के बाजार में 12 हजार करोड़ के कारोबार पर असर की आशंका
- चेक क्लियरिंग, नकद लेन-देन और शाखा आधारित कारोबारी भुगतान होगा प्रभावित
- 27 सितंबर को सार्वजनिक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुलेंगे, भुगतान चक्र धीमा पड़ेगा
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल का असर भोपाल के कारोबार पर भी पड़ने की आशंका है। 26 सितंबर की छुट्टी के बाद सरकार ने 27 सितंबर को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खोलने के निर्देश दिए हैं।
जिससे लगातार पांच दिन बैंक शाखाएं बंद रहने की स्थिति टल गई है।
बैंक सेवाएं होंगी प्रभावित
हड़ताल के दौरान नकद जमा-निकासी, चेक, डीडी, ऋण, लाकर और शाखा आधारित कारोबारी भुगतान जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
इसका असर थोक कारोबारियों, दुकानदारों और सप्लायर भुगतान पर पड़ सकता है। चेक क्लियरिंग और सेटलमेंट में देरी होने से कारोबारियों का भुगतान चक्र भी प्रभावित हो सकता है।
डिजिटल बैंकिंग और यूपीआई जैसी सेवाएं उपलब्ध रहने की संभावना है, लेकिन शाखा आधारित कामकाज पर असर रहेगा।
27 सितंबर को खुलेंगे बैंक
30 सितंबर को अर्धवार्षिक लेखाबंदी भी है। ऐसे में प्रोविजनिंग, रिकॉन्सिलिएशन, ट्रेजरी और सेटलमेंट जैसे कार्यों में देरी की संभावना बाजार के लिए अतिरिक्त चुनौती बन सकती है। सरकार ने 27 सितंबर को बैंक खोलकर ग्राहकों को पहले से जरूरी काम निपटाने का अवसर दिया है।
एसएलबीसी मध्यप्रदेश के 31 मार्च 2026 के आंकड़ों के आधार पर प्रतिदिन करीब 4,017 रुपये करोड़ के बैंकिंग कारोबार का अनुमान लिया गया है। इस हिसाब से तीन दिन में करीब 12,052 रुपये करोड़ की बैंकिंग गतिविधियां प्रभावित होने का अनुमान है। यह आंकड़ा सीधे तौर पर हड़ताल में रुकने वाले कारोबार का माप नहीं है, बल्कि दैनिक बैंकिंग गतिविधि के आधार पर संभावित प्रभाव का अनुमान है। - अनिल चौबे, सेवानिवृत्त अधिकारी, जनसंपर्क एवं सामाजिक सेवा बैंकिंग विभाग, एसबीआई, भोपाल