
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आईडीबीआई बैंक के प्रस्तावित निजीकरण के विरोध में अखिल भारतीय स्तर पर बैंक कर्मचारी एवं अधिकारी संगठनों ने तीन दिसंबर को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। यह आंदोलन एआईबीईए (AIBEA), एआईबीओए (AIBOA) और बीईएफआई (BEFI) के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
इसके तहत आईडीबीआई बैंक की लगभग 60.72 प्रतिशत हिस्सेदारी कनाडा की 'फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स' को सौंपने की प्रक्रिया का पुरजोर विरोध किया जा रहा है। संगठनों का मानना है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक का निजीकरण देश की बैंकिंग व्यवस्था, कर्मचारियों के हितों और आम ग्राहकों पर दूरगामी नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
एसबीआई भोपाल के जनसंपर्क विभाग के सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी अनिल चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि देश के 12 प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से 10 बैंकों में इस आंदोलन में व्यापक भागीदारी की संभावना है। हालांकि, देश के सबसे बड़े बैंक भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के अधिकांश प्रमुख कर्मचारी एवं अधिकारी संगठन इस हड़ताल में शामिल नहीं हो रहे हैं।
एसबीआई में कर्मचारी संगठन एनसीबीआई (NCBE) से संबद्ध ढांचे में कार्यरत हैं, जबकि अधिकारियों का प्रमुख संगठन एआईएसबीओएफ (AISBOF) है, जो एआईबीओसी (AIBOC) से संबद्ध है। ऐसे में एसबीआई की शाखाओं में कामकाज सामान्य रहने की उम्मीद है।
प्रस्तावित हड़ताल का मुख्य असर सार्वजनिक क्षेत्र के संबंधित 10 बैंकों एवं कुछ निजी बैंकों की शाखा आधारित सेवाओं पर पड़ेगा। हड़ताल के कारण नकद लेन-देन, चेक क्लीयरेंस से संबंधित प्रक्रियाएं, ड्राफ्ट बनवाने, शाखा स्तर के भुगतान और ग्राहक सेवा जैसे दैनिक कार्य प्रभावित हो सकते हैं।
राहत की बात यह है कि डिजिटल बैंकिंग, एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी, हालांकि बैकएंड बैंकिंग प्रक्रियाओं में व्यवधान के कारण कुछ सेवाओं पर अप्रत्यक्ष असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- इंदौर दूषित जल कांड के जिम्मेदार EE बहाल, संजीव श्रीवास्तव की भोपाल PHE में पोस्टिंग; निचला स्टाफ सस्पेंड