
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। इंदौर के भागीरथपुरा में हुए बहुचर्चित दूषित पेयजल कांड में जिम्मेदार माने गए वरिष्ठ अधिकारियों की बहाली और नई पदस्थापनाओं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) ने घटना के बाद निलंबित किए गए तत्कालीन कार्यपालन यंत्री संजीव कुमार श्रीवास्तव को विभागीय जांच लंबित रहते हुए भी बहाल कर दिया है। उन्हें भोपाल स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय में पदस्थ किया गया है।
इससे पहले शासन तत्कालीन अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया का निलंबन समाप्त कर उन्हें रायसेन कलेक्टर और तत्कालीन निगमायुक्त दिलीप यादव को सागर कलेक्टर की अहम जिम्मेदारी सौंप चुका है। दूसरी ओर, नगर निगम के निचले स्तर के कर्मचारी आज भी दंड झेल रहे हैं।
जोनल अधिकारी शालिग्राम सितोले और उपयंत्री गिरीश जोशी अब तक निलंबित हैं, जबकि सहायक यंत्री शुभम श्रीवास्तव की सेवाएं समाप्त की जा चुकी हैं। सूत्रों के मुताबिक, इनमें से कई कर्मचारियों की तैनाती हादसे से महज तीन-चार महीने पहले ही हुई थी और कार्रवाई से पहले उनका पक्ष तक नहीं सुना गया।
दिसंबर में हुई इस त्रासदी के बाद हाईकोर्ट के निर्देश पर न्यायाधीश सुशील कुमार गुप्ता के एक सदस्यीय आयोग ने मामले की जांच की थी। आयोग की 600 पन्नों की रिपोर्ट में 36 में से 24 मौतों की वजह दूषित पानी को माना गया था।
रिपोर्ट में पाइपलाइन बदलने में देरी के लिए संजीव श्रीवास्तव और पर्यवेक्षण व टेंडर प्रक्रिया में लापरवाही के लिए रोहित सिसोनिया पर गंभीर टिप्पणियां की गई थीं। ऐसे में अब यह बहस तेज हो गई है कि जब न्यायिक जांच में शीर्ष अधिकारियों की चूक उजागर हुई थी, तो उन्हें प्रमुख पदों से नवाजने और केवल निचले स्टाफ पर गाज गिराने का दोहरा मापदंड क्यों अपनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- भोपाल निगम में सरकारी राशि की बर्बादी! तीन माह पहले लगे पेवर ब्लॉक अब मशीनों से तोड़कर उखाड़े जा रहे