
डिजिटल डेस्क, भोपाल। यदि आपको बैंक से जुड़ा कोई महत्वपूर्ण लेन-देन या काम पूरा करना है, तो उसे अगले 3 दिनों (बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार) के भीतर निपटा लें। इसके बाद अगले 5 दिनों तक बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह ठप रहेंगी। शनिवार और रविवार के साप्ताहिक अवकाश के तुरंत बाद बैंक कर्मचारियों की 3 दिवसीय हड़ताल के कारण शाखाओं में काम ठप रहेगा।
5 दिनों तक बैंक बंद रहने से आम जनता और व्यापारियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान मुख्य रूप से कई सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इसकी वजह से चेक क्लियरेंस प्रक्रिया रुक जाएगी। शाखाओं से कैश जमा और निकासी ठप रहेगी। साथ ही बैंकों में प्रशासनिक और ड्राफ्ट संबंधी काम लटक जाएंगे।
वर्तमान में बैंकों में हर दूसरे और चौथे शनिवार को ही छुट्टी होती है। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगें हैं कि सप्ताह में 5 दिन काम की व्यवस्था लागू की जाए। शनिवार की छुट्टी के बदले सोमवार से शुक्रवार तक रोजाना 40 मिनट अतिरिक्त काम करने का प्रस्ताव है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 5 दिवसीय कार्य सप्ताह के साथ ही स्केल-IV लागू करने की मांग रखी है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के कॉर्डिनेटर वी.के. शर्मा के अनुसार, सरकार के साथ कई दौर की वार्ता होने के बावजूद 5-डे वीक की वाजिब मांग को टाला जा रहा है। सरकार के टालमटोल वाले रवैये के विरोध में यूनियनों ने तीन चरणों में आंदोलन की रणनीति तैयार की है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में बैंक हड़ताल से कामकाज ठप; 5-डे बैंकिंग की मांग को लेकर 5000 से अधिक बैंककर्मियों ने किया प्रदर्शन
27 अगस्त को हुए राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन के बाद अब 28 से 30 सितंबर तक हड़ताल बुलाई गई है। यदि मांगे नहीं मानी गईं तो तीसरे चरण में अनिश्चितकालीन देशव्यापी हड़ताल शुरू की जाएगी। इसी कड़ी में बुधवार दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक सरकारी प्रेस क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक के समक्ष बैंककर्मी जोरदार धरना-प्रदर्शन करेंगे।