
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। कूलर की किश्त नहीं चुकाने पर हुई मारपीट के बाद तलैया थाने में हार्ट अटैक से युवक की मौत के मामले में छह दिन बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। तलैया पुलिस ने मारपीट करने वाले दोनों चचेरे भाइयों के खिलाफ मारपीट के साथ गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
आरोप है कि दोनों ने युवक के साथ उस समय मारपीट की थी, जब वह खरीदे गए कूलर की किश्त नहीं चुका पाया था। इसी की शिकायत करने वह थाने पहुंचा था, जहां अचानक तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आरोपितों को युवक की दिल संबंधी बीमारी की जानकारी थी। इसके बावजूद उन्होंने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद उसे हार्ट अटैक आया। तलैया पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एएसआइ दुलीचंद ने बताया कि तलैया क्षेत्र के इस्लामपुरा निवासी कालू उर्फ माजिद कुरैशी निजी काम करता था। उसने इसी साल गर्मियों में पड़ोस में रहने वाले आरिश कुरैशी और उसके चचेरे भाई आदिल कुरैशी से 6500 रुपये का कूलर किश्तों पर खरीदा था। किश्तों की रकम नहीं चुकाने को लेकर एक नवंबर को दोनों ने उसके साथ मारपीट की थी।
यह भी पढ़ें- भोपाल में शादीशुदा महिला से दुष्कर्म, पति और भाई के दोस्त ने शादी का झांसा देकर की दरिंदगी, आरोपी फरार
इसकी शिकायत दर्ज कराने कालू तलैया थाने पहुंचा था। शाम करीब पांच बजे शिकायत लिखवाने के दौरान उसे हार्ट अटैक आया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई थी।
कालू के स्वजन ने शुक्रवार शाम तलैया थाने के सामने प्रदर्शन कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।