
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। छोला थाना क्षेत्र में रहने वाली 30 वर्षीय महिला ने अपने पति और भाई के दोस्त पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपित ने महिला को भरोसा दिलाया था कि वह उसे और उसके बच्चों को अपने साथ रखेगा। बाद में शादी करने से मुकर गया तो पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार महिला का पति छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट करता था। इसी दौरान उसके पति और भाई का दोस्त, जो छोला क्षेत्र में ही रहता है, अक्सर उनके घर आता-जाता था। इस दौरान उसकी महिला से नजदीकी बढ़ गई।
आरोप है कि उसने महिला को शादी करने और उसे बच्चों सहित साथ रखने का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब महिला ने शादी की बात कही तो आरोपित ने इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने छोला थाने में शिकायत दर्ज कराई।
यह भी पढ़ें- एमपी के 60 सरकारी अस्पतालों की बदलेगी तस्वीर, 208.75 करोड़ रुपये मंजूर, जिला स्तर पर मिलेगा बेहतर इलाज
पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपित पहले से शादीशुदा है और कारोबार करता है। फिलहाल वह फरार है।