MP की हाई-राइज इमारतों में बेहतर 'डिजिटल कनेक्टिविटी' जरूरी, 2 दिसंबर से लागू होगा नियम
मध्य प्रदेश में निर्धारित श्रेणी की नई इमारतों और विकास परियोजनाओं में बिजली, पानी और ड्रेनेज की तरह बेहतर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी होगा।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 08:59:23 AM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 08:59:23 AM (IST)
प्रतिकात्मक, एआई से तैयार फोटोHighLights
- नई इमारतों में डिजिटल कनेक्टिविटी अनिवार्य
- डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग लेना होगा जरूरी
- 2 दिसंबर 2026 से लागू होंगे प्रावधान
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। प्रदेश में भवनों के निर्माण और विकास के दौरान बिजली, पानी, सड़क और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाओं के तो मानक हैं लेकिन भवन के भीतर डिजिटल संचार या नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर (जैसे फाइबर केबल डक्ट, इन-बिल्डिंग साल्यूशंस आदि) के लिए कोई अनिवार्य नियम या रेटिंग प्रणाली नहीं है।
नेटवर्क की समस्या होगी दूर
अब नई बनने वाली इमारतों और विकास परियोजनाओं में बेहतर मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सुविधा (डिजिटल कनेक्टिविटी) सुनिश्चित करना अनिवार्य होगा। कई बार नई बहुमंजिला इमारतों के बनने के बाद नेटवर्क की समस्या आती है और बाद में केबल बिछाने के लिए तोड़फोड़ करनी पड़ती है।
इमारतों को दी जाएगी 'डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग'
नई व्यवस्था के तहत भवन और विकास परियोजना में भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) के रेटिंग ऑफ प्रॉपर्टीज फार डिजिटल कनेक्टिविटी रेगुलेशंस के मानकों के अनुसार डिजिटल संचार अवसंरचना उपलब्ध करानी होगी। जिस तरह पर्यावरण के अनुकूल इमारतों को ग्रीन बिल्डिंग रेटिंग दी जाती है, ठीक उसी तर्ज पर अब इमारतों को इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता के आधार पर 'डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग' दी जाएगी।
बिल्डर और प्रॉपर्टी मैनेजर की भी जिम्मेदारी
मानकों के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने के बाद संबंधित भवन या प्रोजेक्ट को 'डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग' भी प्राप्त करना अनिवार्य होगा। इससे घर या ऑफिस खरीदने वालों को पहले ही पता चल सकेगा कि उस इमारत में नेटवर्क और इंटरनेट की गुणवत्ता कैसी है। इसमें बिल्डर और प्रॉपर्टी मैनेजर की भी जिम्मेदारी तय की गई है।
नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने मध्य प्रदेश भूमि विकास नियम, 2012 में संशोधन का प्रारूप (ड्रॉफ्ट) में ये प्रविधान किए हैं। प्रावधान दो दिसंबर, 2026 से लागू हो जाएंगे। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उप सचिव सीके जाधव ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशन में नियम में संशोधन कर यह प्रावधान किया गया है।
इन इमारतों पर लागू होगा नियम
यह नियम आम छोटे मकानों पर लागू नहीं होगा, बल्कि राज्य शासन द्वारा निर्धारित विशेष श्रेणी की परियोजनाओं के लिए अनिवार्य होगा। इनमें मुख्य रूप से बड़ी आवासीय सोसाइटियां (हाई-राइज अपार्टमेंट्स), कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और शॉपिंग मॉल, आईटी पार्क और बड़े कार्यालय, अस्पताल और होटल, बड़े सरकारी और सार्वजनिक भवन शामिल किए गए हैं।