
मदनमोहन मालवीय, भोपाल। राजधानी में जमीन, मकान, प्लाट और दुकानों की रजिस्ट्री नए वित्तीय वर्ष से महंगी हो सकती है। प्रशासन ने वित्तीय वर्ष 2027-28 की कलेक्टर गाइडलाइन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस बार भी बाजार में संपत्तियों की वास्तविक कीमतों, पंजीयन के आंकड़ों और तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों को आधार बनाकर नई दरें प्रस्तावित की जाएंगी। यानी लगातार तीसरे साल प्रापर्टी की सरकारी दरों में बदलाव की तैयारी है।
कलेक्टर एवं जिला मूल्यांकन समिति के अध्यक्ष प्रियंक मिश्रा ने नई गाइडलाइन तैयार करने के लिए समयबद्ध कार्यक्रम जारी किया है। 19 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार हुजूर और बैरसिया के एसडीएम को निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को 15 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित दरों का प्रारूप तैयार करना होगा। 30 जनवरी तक अंतिम दरें अधिसूचित कर आम लोगों से सुझाव और आपत्तियां मांगी जाएंगी। प्राप्त सुझावों पर विचार के बाद 15 फरवरी तक अंतिम प्रस्ताव केंद्रीय मूल्यांकन बोर्ड को भेजा जाएगा। बोर्ड 31 मार्च तक नई गाइडलाइन जारी करेगा। इसके बाद एक अप्रैल 2027 से नई दरों पर रजिस्ट्रियां होंगी।
राजधानी में पिछले वर्षों के आंकड़े देखें तो कलेक्टर गाइडलाइन में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले के 3900 स्थानों में से 1443 पर औसतन 7.19 प्रतिशत दरें बढ़ाई गई थीं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में औसत वृद्धि करीब 11 प्रतिशत रही। वहीं 2026-27 में 2177 लोकेशन में से 740 पर औसतन 12 प्रतिशत वृद्धि की गई।
हालांकि कई क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर 100 से 181 प्रतिशत तक दरें बढ़ाई गईं। निर्मल सिटी, निशातपुरा रोड और समर ग्रीन जैसे क्षेत्रों में भारी वृद्धि इसका उदाहरण है।इस बार भी सर्वे में उन इलाकों पर विशेष नजर रहेगी, जहां गाइडलाइन से अधिक कीमत पर रजिस्ट्रियां हो रही हैं और नई कॉलोनियां विकसित हुई हैं।
यह भी पढ़ें- बेटी की अस्थि विसर्जन के दौरान बरसीं लाठियां, परिवार का आरोप- गर्भवती को पीटा, बेटे को किडनैप कर मार डाला
| वित्तीय वर्ष | दरों में वृद्धि |
| 2024-25 | 7.19 प्रतिशत |
| 2025-26 | 11 प्रतिशत |
| 2026-27 | 12 प्रतिशत |