'छलक उठी राजधानी की लाइफलाइन': झमाझम बारिश से भरा बड़ा तालाब, भोपाल में 4 घंटे के लिए खोला गया भदभदा का गेट
राजधानी में बड़ा तालाब का जलस्तर 1666.80 फीट पहुंचने के बाद सीजन में पहली बार भदभदा डैम का गेट नंबर-6 खोला गया।
Publish Date: Fri, 04 Sep 2026 08:50:18 PM (IST)Updated Date: Fri, 04 Sep 2026 08:50:18 PM (IST)
महापौर मालती राय ने पूजा-अर्चना की और सायरन बजाकर अलर्ट जारी करते हुए भदभदा डैम का गेट नंबर 6 खोल दिया। नईदुनिया।HighLights
- सीजन में पहली बार भदभदा डैम का गेट नंबर-6 खोला गया
- गेट खोलने से पहले सायरन बजाकर लोगों को अलर्ट किया गया
- झमाझम बारिश से बड़ी झील का फुल टैंक लेबिल 1666.80 फीट है
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी की लाइफलाइन कहे जाने वाले बड़े तालाब ने शुक्रवार को अपना फुल टैंक लेवल छू लिया। गुरुवार रात से जारी रिमझिम और शुक्रवार को दिनभर हुई वर्षा के बाद तालाब का जलस्तर 1666.80 फीट तक पहुंच गया।
इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे महापौर मालती राय ने पूजा-अर्चना की और सायरन बजाकर अलर्ट जारी करते हुए भदभदा डैम का गेट नंबर छह खोल दिया। मौजूदा मानसूनी सीजन में भदभदा डैम का गेट पहली बार खोला गया है। पिछले साल भी सितंबर के पहले हफ्ते में ही डैम के गेट खुले थे।
नगर निगम के अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग ने बताया कि गेट से लगभग 12 मिलियन क्यूबिक फीट (एमसीएफटी) पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर गेट को चार घंटे तक खोलने का निर्णय लिया गया है, जिसके अनुसार रात 10 बजे इसे बंद किया जाना है।
हालांकि, कैचमेंट एरिया और कोलांस नदी से पानी की आवक लगातार बनी रही, तो गेट को आगे भी खुला रखा जाएगा।
सितंबर में लगातार दूसरा साल
बीते एक दशक के आंकड़े बताते हैं कि बड़ा तालाब भरने की स्थिति में काफी उतार-चढ़ाव रहा है। वर्ष 2017, 2018 और 2021 में एक बार भी गेट खोलने की नौबत नहीं आई थी। वहीं, यह लगातार दूसरा साल है, जब सितंबर में पहली बार गेट खुले हैं।
8 फीट ऊपर बह रही कोलांस
सीहोर क्षेत्र में हो रही वर्षा के कारण कोलांस नदी लगभग 8 फीट ऊपर बह रही है जिससे बड़ी झील का जलस्तर बढ़ रहा है। बड़ी झील में मुख्य रूप से कोलांस नदी का पानी आता है और इस पानी को रोकने के लिए वर्ष 1965 में भदभदा बांध का निर्माण किया गया था और इसमें कुल 11 गेट है।
बड़ी झील का फुल टैंक लेबिल 1666.80 फीट है और इस लेबिल के ऊपर पानी पहुंचने पर भदभदा बांध के गेट खोले जाते है।
2024 में 10 बार खोले गए बांध के गेट
वर्ष 2024 में अलग-अलग संख्या में कुल 10 बार भदभदा बांध के गेट खोले गये और भदभदा बांध से कुल 4260 एमसीएफटी पानी छोड़ा गया।
जबकि वर्ष 2019 में 25 बार गेट खोले गये और 4720 एमसीएफटी, वर्ष 2020 में 11 बार गेट खोले गये और 4261 एमसीएफटी, वर्ष 2022 में 17 बार गेट खोले गये और 8821 एमसीएफटी और वर्ष 2023 में 2 बार गेट खोले गये और 286 एमसीएफटी पानी छोड़ा गया।
पिछले 10 साल में कब-कब खुले गेट
| वर्ष | पहली बार गेट खुलने की तारीख |
| 2016 | 25 जुलाई |
| 2017 | नहीं खुले |
| 2018 | नहीं खुले |
| 2019 | 10 अगस्त |
| 2020 | 22 अगस्त |
| 2021 | नहीं खुले |
| 2022 | 23 जुलाई |
| 2023 | 23 सितंबर |
| 2024 | 2 अगस्त |
| 2025 | 6 सितंबर |
| 2026 | 4 सितंबर |