
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की बेटी और स्टार शूटर आशी चौकसे ने एशियाई खेलों (Asian Games 2026) में देश का नाम रोशन करते हुए रजत पदक अपने नाम कर लिया है। आशी चौकसे ने यह ऐतिहासिक सफलता महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन (Three Positions) टीम स्पर्धा में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व करते हुए हासिल की।
इस स्पर्धा में आशी चौकसे के साथ तिलोत्तमा सेन और विदरसा विनोद की तिकड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में सिल्वर मेडल डाला।
तिलोत्तमा सेन और विदर्शा विनोद ने तीसरे और छठे स्थान पर रहकर क्वालिफाई किया। तिलोत्तमा ने स्टैंडिंग राउंड में 97 और 98 के स्कोर के साथ कुल 590 अंक हासिल किए। वह दो चीनी खिलाड़ियों से पीछे रहीं, जिनके स्कोर 594 और 591 थे। विदर्शा का स्टैंडिंग राउंड का प्रदर्शन शानदार रहा (98 और 98)।
उन्होंने नीलिंग राउंड के 193 के स्कोर से वापसी करते हुए कुल 588 अंक बनाए और छठे स्थान पर रहीं। स्टैंडिंग राउंड की पहली सीरीज में 93 के स्कोर ने आशी चौकसे को काफी पीछे कर दिया और वह इससे उबर नहीं पाईं। अपनी आखिरी स्टैंडिंग सीरीज में 97 के स्कोर के साथ उन्होंने कुल 585 अंक हासिल किए।
भोपाल की रहने वाली आशी चौकसे की निशानेबाजी यात्रा की शुरुआत कक्षा 9वीं में नेशनल कैडेट कोर (NCC) के माध्यम से हुई थी। एनसीसी से मिले शुरुआती अनुभव के बाद उनका चयन 'मध्य प्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी' (भोपाल) में हुआ, जहां उन्होंने कोच सुमा शिरूर और वैभव शर्मा के मार्गदर्शन में अपनी तकनीक को निखारा।
यह भी पढ़ें- एशियन गेम्स में भारत का डबल धमाका, निशानेबाजों ने 2 मिनट में दिए गोल्ड-सिल्वर