एशियन गेम्स में भारत का डबल धमाका, निशानेबाजों ने 2 मिनट में दिए गोल्ड-सिल्वर
एशियन गेम्स 2026 में भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीमें फाइनल में पहुंच गईं। महिलाओं ने नेपाल और पुरुषों ने थाईलैंड को हराकर गोल्ड की उम्मीदें मजबूत ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 25 Sep 2026 02:13:33 PM (IST)Updated Date: Fri, 25 Sep 2026 02:13:33 PM (IST)
एशियन गेम्स में भारत का डबल धमाका। (सोशल मीडिया)HighLights
- भारतीय महिला टीम ने नेपाल को 48-24 से हराया।
- पुरुष टीम ने थाईलैंड को 66-28 से मात दी।
- दोनों भारतीय टीमें अपने-अपने कबड्डी फाइनल में पहुंचीं अब।
स्पोर्ट्स डेस्क। एशियन गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों ने अपने शानदार प्रदर्शन से देशवासियों को जश्न मनाने का एक बड़ा मौका दे दिया है। भारत के लिए दिन की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही, जब महज 2 मिनट के छोटे से अंतराल में निशानेबाजों ने देश की झोली में दो पदक (एक गोल्ड और एक सिल्वर) डाल दिए।
इन पदकों के आते ही भारत मेडल टैली में 15वें से छलांग लगाकर 12वें पायदान पर पहुंच गया है। वहीं, कबड्डी के मैदान से भी बड़ी खुशखबरी आई है, जहां पुरुष और महिला दोनों टीमों ने अपने-अपने फाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए दो और स्वर्ण पदक लगभग पक्के कर लिए हैं। खबर लिखे जाने तक भारत के खाते में 2 गोल्ड सहित कुल 19 मेडल आ चुके हैं।
कमलजीत और सुरुचि की जोड़ी ने सटीक निशाने से भेदा गोल्ड
- जापान में आयोजित हो रहे इन खेलों में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में कमलजीत और सुरुचि सिंह की जोड़ी ने स्वर्णिम इतिहास रच दिया है। फाइनल मुकाबले में इस भारतीय जोड़ी ने 484.6 का शानदार स्कोर करते हुए दक्षिण कोरिया (478.0) को एकतरफा अंदाज में हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
- वहीं ईरान (415.8) को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा। इससे पहले सुबह हुए क्वालिफिकेशन राउंड में भी कमलजीत और सुरुचि का जलवा रहा, जहां उन्होंने 587 अंकों के साथ एक नया एशियाई रिकॉर्ड बनाते हुए फाइनल का टिकट कटाया था।
राइफल 3 पोजीशन में भारतीय तिकड़ी ने जीता सिल्वर
गोल्ड मेडल का जश्न अभी थमा भी नहीं था कि दो मिनट के भीतर ही भारत के खाते में एक और मेडल जुड़ गया। पुरुषों के 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम इवेंट में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्राक्ष पाटिल और नीरज कुमार की तिकड़ी ने अपनी शानदार एकाग्रता और निरंतरता का परिचय दिया। इस बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम ने सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाते हुए पोडियम पर तिरंगा लहराया।
कबड्डी: महिला टीम का विजय रथ जारी, नेपाल को किया पस्त
- निशानेबाजी के अलावा कबड्डी के मैट पर भी भारत का दबदबा कायम है। मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी। मैच के पहले हाफ में ही भारत ने 31-17 की मजबूत बढ़त बना ली थी।
- दूसरे हाफ में भारतीय डिफेंस इतना अभेद्य था कि नेपाल की टीम सिर्फ 7 अंक ही जुटा सकी। ग्रुप स्टेज में ईरान, बांग्लादेश और जापान को धूल चटाने वाली यह टीम अब अपने चौथे एशियन गोल्ड से सिर्फ एक कदम दूर है।
थाईलैंड को हराकर पुरुष कबड्डी टीम भी खिताबी जंग के लिए तैयार
- महिला टीम की तर्ज पर भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने भी चैंपियन की तरह खेलते हुए थाईलैंड को 66-28 से रौंदकर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अनुभव और कौशल का अंतर इस मैच में साफ नजर आया, जहां भारतीय खिलाड़ियों ने आसानी से 15 बोनस अंक बटोरे, जबकि थाईलैंड सिर्फ 5 बोनस अंक ही ले पाया।