भोपाल सेंट्रल जेल की सुरक्षा में बड़ी सेंध, दिनदहाड़े जेल प्रहरी के मकान में चोरों ने 5 तोला सोना, 3 किलो चांदी और 4 लाख नकद चुराए
Bhopal Crime News: भोपाल के केंद्रीय जेल परिसर में जेल प्रहरी के सूने मकान से दिनदहाड़े लाखों की चोरी हुई। चोर खिड़की से जेवर और 4 लाख नकद ले उड़े। सु...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 15 Oct 2026 11:17:16 AM (IST)Updated Date: Thu, 15 Oct 2026 11:17:16 AM (IST)
भोपाल सेंट्रल जेल की सुरक्षा में बड़ी सेंध! (एआई जनरेटेड)HighLights
- भोपाल जेल परिसर में जेल प्रहरी के सूने मकान में चोरी।
- दिनदहाड़े रसोई की संकरी खिड़की से घुसकर चोरों ने की वारदात।
- पांच तोला सोना, तीन किलो चांदी और 4 लाख नकद चोरी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। केंद्रीय जेल परिसर की सुरक्षा के बीच चोरों ने जेल प्रहरी के सूने मकान को निशाना बना लिया। बुधवार दोपहर घर के किचन में लगी खिड़की से घुसे चोर अलमारी का लाक तोड़कर पांच तोला सोना, तीन किलो चांदी और चार लाख रुपये नकद समेट ले गए।
जेल प्रहरी अपनी पत्नी के साथ बेटी के स्कूल में पैरेंट्स-टीचर मीटिंग में गए थे। करीब डेढ़ घंटे बाद लौटने पर चोरी का पता चला। खास बात यह है कि जेल परिसर की आवासीय कालोनी में सीसीटीवी कैमरे तक नहीं हैं। जिससे आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। गांधीनगर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज किया है।
डेढ़ घंटे में ही साफ कर दिया माल
- पुलिस के अनुसार, जेल प्रहरी मनोहर भील केंद्रीय जेल परिसर की कालोनी नंबर-दो में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी पत्नी गृहिणी हैं और बेटी बैरागढ़ स्थित थ्रीईएमई सेंटर के केंद्रीय विद्यालय में पढ़ती है। बुधवार सुबह छह से दस बजे तक मनोहर की ड्यूटी हमीदिया अस्पताल में बंदी की निगरानी के लिए लगी थी।
- सुबह करीब 10:30 बजे वह घर लौटे। इसके बाद दोपहर 12 बजे पत्नी के साथ बेटी के स्कूल में मीटिंग के लिए निकल गए। दोपहर करीब 1:30 बजे दंपती वापस लौटे तो घर में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर अलमारी का लाक टूटा मिला और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर व नकदी गायब थी।
रसोई की खिड़की से घुसे चोर
- पुलिस जांच में सामने आया कि चोर घर के पिछले हिस्से में आंगन की तरफ से आए और रसोई की खिड़की में लगी राड के बीच की जगह से अंदर घुसे। रास्ता इतना संकरा था कि केवल दुबला व्यक्ति ही उसमें से निकल सकता था।
- घर के अंदर के दरवाजे खुले होने के कारण आरोपी आसानी से कमरे तक पहुंचा और अलमारी तोड़कर चोरी कर ली। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अब आरोपियों का पता लगाने के लिए आसपास के रास्तों और संभावित सुरागों की जांच की जा रही है।
जेल परिसर की कालोनी में सुरक्षा पर सवाल
केंद्रीय जेल परिसर में बीते करीब एक साल में चोरी की यह चौथी वारदात है। इससे पहले एक इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी समेत तीन जेल कर्मियों के घर में चोरी हुई है। परिसर में जेलकर्मियों के परिवार रहते हैं, लेकिन कालोनी में सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात में चोर खिड़की के रास्ते घर में घुसे और लाखों का माल लेकर निकल गए।
यह भी पढ़ें- 'बाइक पर जबरन बैठाकर ले जाना संभव नहीं', दुष्कर्म मामले में कोर्ट ने पुलिस जांच पर उठाए सवाल; आरोपी बरी