
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रतिभा जब परिश्रम और रचनात्मक दृष्टि से जुड़ती है तो उसकी पहचान सीमाओं की मोहताज नहीं रहती। राजधानी भोपाल के युवा फिल्मकार एवं डिजाइन विद्यार्थी धनंजय मुकेश बंसोड़े ने चीन में आयोजित प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय युवा फिल्म परियोजना ‘लुकिंग चाइना-2026’ में अपनी रचनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल शहर, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है।
चयनित प्रतिभागियों में भोपाल के धनंजय भी शामिल
चीन की बीजिंग नार्मल यूनिवर्सिटी, लियोनिंग यूनिवर्सिटी और हुइलिन कल्चर सेंटर फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित परियोजना में विश्व के 40 देशों से चयनित 90 युवा फिल्मकारों ने भाग लिया। भारत की ओर से चयनित प्रतिभागियों में भोपाल के धनंजय भी शामिल थे।
एक जून से 17 जून 2026 तक आयोजित इस 17 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रतिभागियों को चीन की लोक संस्कृति, परंपराओं, शिल्पकला, सामाजिक जीवन और आधुनिक विकास को समझते हुए एक लघु फिल्म तैयार करने की चुनौती दी गई थी। इस दौरान धनंजय ने ‘व्हाट जेड कार्व्स’ शीर्षक से एक संवेदनशील और कलात्मक लघु फिल्म का निर्देशन, छायांकन और संपादन किया। उनकी फिल्म को आयोजकों और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों ने विशेष रूप से सराहा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर उन्हें चीनी संस्कृति के अंतरराष्ट्रीय संचार अकादमी द्वारा सम्मान-पत्र प्रदान किया गया।
डिजाइन स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे
बता दें कि धनंजय वर्तमान में राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान (एनआईडी), अहमदाबाद से फिल्म एवं वीडियो संचार विषय में डिजाइन स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा भोपाल के साकेत नगर स्थित सागर पब्लिक स्कूल से प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट), नई दिल्ली से फैशन संचार में स्नातक उपाधि उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ हासिल की।
पलब्धियों का यह सिलसिला नया नहीं
धनंजय की उपलब्धियों का यह सिलसिला नया नहीं है। इससे पहले पुणे में आयोजित अंतरराष्ट्रीय परियोजना महोत्सव-2024 में विश्वभर से प्राप्त 840 प्रविष्टियों के बीच उनके प्रोजेक्ट ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इसके अलावा देश की प्रतिष्ठित डिजाइन कंपनियों द्वारा उन्हें ‘जूरी चॉइस विनर’ और ‘द रिलेवंस अवॉर्ड विनर’ जैसे सम्मान भी मिल चुके हैं।