
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: एमपी नगर क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कंपनी का नंबर गूगल से तलाशकर फोन करना 62 वर्षीय व्यक्ति को महंगा पड़ गया।
साइबर ठग ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया और करीब 45 मिनट तक फोन पर बात करते हुए मोबाइल में कुछ प्रक्रिया पूरी कराने के बहाने उसे हैक कर लिया। इसके बाद बैंक खाते से 68,999 रुपये तीन अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।
एमपी नगर पुलिस के अनुसार जोन-1 निवासी प्रदीप सूरी (62) को 1 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे अज्ञात नंबर से काल आया था। उन्हें ट्रांसपोर्ट से सामान आने की जानकारी थी, इसलिए उन्होंने गूगल पर माहेश्वरी ट्रांसपोर्ट एंड पैकर्स का नंबर खोजकर संपर्क किया था।
कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताते हुए उन्हें करीब 45 मिनट तक बातचीत में उलझाए रखा और मोबाइल पर अलग-अलग प्रक्रिया करने को कहा। इसी दौरान ठग ने मोबाइल का एक्सेस हासिल कर खाते से 68,999 रुपये निकाल लिए।
इनमें 49,999 रुपये दीपक कुमार नाग, 10 हजार आदर्श विश्वकर्मा और 9 हजार रुपये परमेन्द्र कुमार के खाते में भेजे गए। रकम ट्रांसफर होने के मैसेज मिलने पर प्रदीप को ठगी का पता चला। उन्होंने 1930 पर शिकायत की। इसके आधार पर साइबर थाने से ई-जीरो एफआईआर एमपी नगर थाने भेजी गई।