
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गांवों में आबादी की जमीन पर मालिकाना हक दिलाने के लिए शुरू की गई स्वामित्व योजना में राजधानी का प्रशासन ही पिछड़ गया है। प्रदेश के छोटे-छोटे जिले भी रजिस्ट्री के मामले में भोपाल को पीछे छोड़ चुके हैं, लेकिन राजधानी में अब तक आधा लक्ष्य भी हासिल नहीं हो सका है।
सरकारी योजना के क्रियान्वयन की यह सुस्त रफ्तार प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। 42 हजार से अधिक प्लाट की रजिस्ट्री का लक्ष्य होने के बावजूद भोपाल प्रदेश में 35वें स्थान पर पहुंच गया है। यानी जिन ग्रामीण परिवारों को अपनी जमीन का कानूनी मालिकाना हक मिलना है, उन्हें अब भी इंतजार करना पड़ रहा है।
स्वामित्व योजना के तहत भोपाल जिले में कुल 42,199 प्लाट की रजिस्ट्री की जानी है। इससे 51,734 हितग्राहियों को मालिकाना हक मिलना है। लेकिन 20 नवंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक महज 20,184 रजिस्ट्रियां ही पूरी हो सकी हैं। इस तरह कुल लक्ष्य का सिर्फ 47.83 प्रतिशत काम हुआ है और आधे से अधिक हितग्राही अब भी रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।
जिले की तीनों तहसीलों में रजिस्ट्री की रफ्तार में भारी अंतर है। हुजूर तहसील में करीब 50 प्रतिशत और बैरसिया में 48 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। वहीं कोलार तहसील की स्थिति बेहद चिंताजनक है। यहां लक्ष्य के मुकाबले महज 19 प्रतिशत रजिस्ट्रियां ही हो सकी हैं। यानी कोलार में 81 प्रतिशत काम अब भी बाकी है।
यह भी पढ़ें- MP में ग्रामीण इलाकों में कॉलेज खोलना हुआ आसान, जमीन की शर्त में एक एकड़ की छूट, 7 दिसंबर तक करें आवेदन
प्रदेश की रैंकिंग में रायसेन, हरदा, गुना, नीमच, बैतूल, कटनी, विदिशा और नर्मदापुरम जैसे जिले भोपाल से आगे हैं। 20 नवंबर की समीक्षा बैठक में सामने आए आंकड़े बताते हैं कि राजधानी को लक्ष्य हासिल करने के लिए अभी लंबा सफर तय करना है। मौजूदा रफ्तार रही तो शेष रजिस्ट्रियां पूरी करने में करीब दो महीने का अतिरिक्त समय लग सकता है।