
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रदेश में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से नए निजी महाविद्यालय खोलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उच्च शिक्षा विभाग ने इसके लिए नई मार्गदर्शिका जारी कर ऑनलाइन आवेदन पोर्टल खोल दिया है। इच्छुक अशासकीय संस्थाएं नए कालेज, नए संकाय, पाठ्यक्रम, विषय और कक्षाएं शुरू करने के लिए सात दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगी।
इस बार ग्रामीण क्षेत्रों में कालेज खोलने के लिए जमीन की शर्त में एक एकड़ की रियायत दी गई है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्र में नया कालेज खोलने के लिए अब चार एकड़ जमीन की आवश्यकता होगी। पहले यह सीमा पांच एकड़ थी। वहीं शहरी क्षेत्र में जमीन की न्यूनतम आवश्यकता दो एकड़ ही रहेगी। शहरी क्षेत्र के लिए जमीन की शर्त में कोई बदलाव नहीं किया गया है। विभाग के इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में नए कालेज स्थापित करने के प्रस्ताव बढ़ने की उम्मीद है।
आवेदन के साथ संस्थाओं को जमीन से जुड़े दस्तावेज अनिवार्य रूप से अपलोड करने होंगे। इनमें भू-अभिलेख पोर्टल से सत्यापित खसरा और नक्शा शामिल है। भूमि स्वामित्व से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे। निर्धारित शुल्क जमा करने और आवेदन लाक करने के बाद इसमें किसी तरह का संशोधन नहीं किया जा सकेगा, इसलिए विभाग ने संस्थाओं को आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारी और दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश दिए हैं।
जिला स्तर पर गठित समिति प्रस्तावित कालेज और जमीन का भौतिक निरीक्षण करेगी। समिति में लीड कालेज के प्राचार्य, राजस्व विभाग के प्रतिनिधि और विषय विशेषज्ञ शामिल रहेंगे। संबंधित कलेक्टर द्वारा गठित समिति को निर्धारित समय-सीमा में निरीक्षण रिपोर्ट विभाग को भेजनी होगी। रिपोर्ट के आधार पर विभाग आनलाइन एनओसी जारी करेगा। इसके बाद संस्था संबंधित विश्वविद्यालय से संबद्धता के लिए आवेदन कर सकेगी।
यह भी पढ़ें- एमपी में 1 साल और टले सहकारी समितियों व बैंकों के चुनाव, परिसीमन के चलते लिया फैसला, मिलेगी आर्थिक मदद
आवेदन में कमी मिलने पर संबंधित कालेज को इसकी जानकारी दी जाएगी और कमियां पूरी करने के लिए केवल एक अवसर मिलेगा। इसके बाद पात्र आवेदनों को जिला स्तर पर निरीक्षण के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा विभाग ने आवेदन निरस्त होने पर कालेजों के लिए समीक्षा और अपील का प्रविधान भी किया है।
इसके लिए निर्धारित शुल्क और समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन करना होगा। विभाग ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आवेदन से लेकर निरीक्षण और अंतिम निर्णय तक पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय में पूरी की जाए।