
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। सुरक्षा वाहिनी में पदस्थ डीएसपी शिवकुमार श्रीवास्तव की सड़क हादसे में रविवार तड़के मौत हो गई। शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर ट्रेनिंग के लिए जाते समय चार इमली तिराहे के पास तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने उनकी स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद डीएसपी स्कूटी समेत करीब 100 फीट तक सड़क पर घिसटते चले गए।
हादसे में उनके दोनों कंधों और हाथ-पैर में चोटें आई थीं, जबकि सिर में भी गहरी चोट लगी थी। हेलमेट नहीं पहने होने के कारण सिर की चोट गंभीर बताई गई है। हादसे के बाद उन्हें नर्मदा ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां दो दिन चले इलाज के बाद रविवार तड़के उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं हादसे के बाद पुलिस ने मिनी ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ कार्रवाई कर दी है, अब केस की धाराओं में इजाफा किया गया है।
रविवार को डीएसपी का पोस्टमार्टम कराया गया। थाना प्रभारी संजीव चौकसे ने बताया कि हादसे के संबंध में पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। डीएसपी की मौत के बाद मामले में धाराएं बढ़ाई जाएंगी। पुलिस हादसे के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।
डीएसपी शिवकुमार श्रीवास्तव (52) सुरक्षा वाहिनी, श्यामला हिल्स में पीएसओ कोर्स के पर्यवेक्षक अधिकारी के रूप में पदस्थ थे। वह तुलसी नगर स्थित संपदा परिसर में रहते थे। रविवार को मौत की खबर सामने आने के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
यह भी पढ़ें- फर्जी IAS तृप्ति सिंह पर तीसरी FIR दर्ज, युवती से B-क्लास नौकरी दिलाने के नाम पर ठगे तीन लाख