
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। फर्जी आइएएस जालसाज तृप्ति सिंह के साथ वीडियो बनाकर बतौर आइएएस विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होने का दावा करने वाली युवती ख्याति धौलपुरे भी पीड़िता निकली। उसकी शिकायत पर तृप्ति सिंह के खिलाफ बागसेवनिया पुलिस ने धोखाधड़ी की तीसरी एफआईआर दर्ज की है।
बैतूल निवासी ख्याती धौलपुरे ने शनिवार को शिकायत दर्ज कराई कि तृप्ति ने उसे मानव संसाधन विभाग में बी-क्लास की नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये लिए थे। रकम लेने के बाद वह करीब एक साल तक नौकरी लगवाने के नाम पर उसे टालती रही।
बागसेवनिया पुलिस के अनुसार एक कार्यक्रम के दौरान ख्याति की मुलाकात तृप्ति से हुई थी। इसके बाद दोनों मोबाइल पर संपर्क में रहने लगीं। तृप्ति ने खुद को आईएएस अधिकारी बताते हुए ख्याती को नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। रकम देने के बाद जब नौकरी नहीं लगी तो ख्याती ने उससे संपर्क किया। तृप्ति कभी किसी दूसरे विभाग में नौकरी लगवाने तो कभी प्रक्रिया जल्द पूरी होने की बात कहकर समय मांगती रही। साथ ही रकम लौटाने से भी बचती रही।
तृप्ति के फर्जी आईएएस होने का खुलासा होने के बाद ख्याती को अपने साथ ठगी का पता चला और उन्होंने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी अमित सोनी ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद केस दर्ज किया गया है। तृप्ति फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस उसके संपर्क में रहे लोगों और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
जांच में सामने आया है कि तृप्ति इंटरनेट मीडिया पर खुद की हाई-प्रोफाइल छवि बनाकर लोगों से संपर्क करती थी। इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सरकारी अधिकारी जैसी तस्वीरें और पोस्ट दिखाकर वह नौकरी, सरकारी काम कराने और अन्य लाभ दिलाने का भरोसा देती थी।
यह भी पढ़ें- एमपी में 10 IPS समेत 137 पुलिस अधिकारियों के तबादले, भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में बदली जिम्मेदारी