नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। आईएसबीटी स्थित नगर निगम परिषद हाल में शनिवार को परिषद की बैठक होगी। इसमें पिछली बैठक में मंजूरी नहीं पा सके तीन प्रस्तावों को संशोधित शर्तों के साथ फिर रखा जा रहा है। इनमें न्यू मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग के चौथे तल पर स्थित हाल, सोनचिरैया महिला हॉकर्स कॉर्नर और नगर निगम मुख्यालय अटल भवन के सर्विस एरिया को किराए पर देने के प्रस्ताव शामिल है। अब शर्तों में बदलाव कर इन्हें दोबारा परिषद के सामने लाया जा रहा है।
बजट की व्यवस्था में जुटा निगम
इसके अलावा अमृत-2.0 के तहत चल रहे विकास कार्यों के लिए नगर निगम 493 करोड़ रुपये का लोन लेने की तैयारी में है। दरअसल, नगर निगम अमृत-2.0 के तहत संबंधित परियोजनाओं की कुल स्वैप राशि 1522.29 करोड़ रुपये है।
इसमें निविदा प्रक्रिया के बाद कुल अनुमानित राशि 1757.2 करोड़ रुपये दर्शाई गई है। केंद्र और राज्य सरकार के अंशदान के अलावा निगम को अपने स्रोतों से भी 493 करोड़ रुपये राशि की व्यवस्था करनी होगी।
बैठक में इन प्रस्तावों पर होगी चर्चा
- न्यू मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग का हाल किराए पर देने का प्रस्ताव।
- नूतन कॉलेज के सामने स्थित सोनचिरैया महिला हाकर्स कार्नर के आवंटन का प्रस्ताव।
- अटल भवन मुख्यालय के सर्विस एरिया को कैफेटेरिया के लिए किराए पर देना।
- अमृत 2.0 परियोजना के क्रियान्वयन के लिए 493 करोड़ रुपये का लोन लिया जाएगा।
निगम अध्यक्ष और निगमायुक्त ने किया परिषद सभागृह का निरीक्षण
नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी और आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने गुरुवार को आइएसबीटी स्थित निगम परिषद सभागृह का निरीक्षण किया। उन्होंने 24 अक्टूबर को होने वाले परिषद के साधारण सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लिया।
अधिकारियों को मुख्य सभागृह, दर्शक और पत्रकार दीर्घा सहित भोजन कक्षों में बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फाल्स सीलिंग की जरूरी मरम्मत शुक्रवार दोपहर तक पूरी करने और परिषद बैठक के दौरान माइक सिस्टम सुचारू रखने को भी कहा।