सीवेज के पानी को ट्रीटमेंट देकर बेचेगा निगम, भोपाल में सालाना ₹8.76 करोड़ कमाई का प्लान
भोपाल नगर निगम 12 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से शोधित पानी औद्योगिक इकाइयों को बेचेगा। पूरी क्षमता से सप्लाई होने पर रोजाना 2.40 लाख रुपये की आय होगी।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 01:19:24 PM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 01:19:24 PM (IST)
महोली-दामखेड़ा स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट। सौ : नगर निगमHighLights
- सीवेज के पानी से सालाना 8.76 करोड़ की कमाई
- रोजाना दो करोड़ लीटर शोधित पानी पहुंचाया जाएगा
- 102 करोड़ की परियोजना, 37 किमी पाइपलाइन
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। शहर में घरों और व्यावसायिक संस्थानों से रोजाना निकलने वाला सीवेज अब नगर निगम के लिए कमाई का नया स्रोत बनने जा रहा है। जिस पानी को अब तक अपशिष्ट मानकर ट्रीटमेंट प्लांट से उपचारित करने के बाद जलस्रोतों में बहा दिया जाता था, अब उसी शोधित पानी को निगम औद्योगिक इकाइयों को बेचकर करोड़ों रुपये का राजस्व जुटाने की तैयारी में है।
इसके लिए शहर के तीन सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से चार औद्योगिक क्षेत्र मंडीदीप, गोविंदपुरा, अचारपुरा और सतगढ़ी तक करीब 37 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी। करीब 102 करोड़ रुपये की इस परियोजना के जरिये प्रतिदिन 20 एमएलडी (मिलियन लीटर पर डे) यानी दो करोड़ लीटर शोधित पानी उद्योगों को उपलब्ध कराने की योजना है।
निगम प्रशासन इसकी कीमत 12 रुपये प्रति हजार लीटर तय कर रहा है। इस हिसाब से पूरी क्षमता से पानी की बिक्री होने पर हर दिन 2.40 लाख और सालभर में करीब 8.76 करोड़ रुपये की कमाई होगी।
इन तीन एसटीपी से भेजा जाएगा पानी
1. मक्सी मिसरोद एसटीपी से मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र: मिसरोद क्षेत्र स्थित मक्सी के 20.5 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी से मंडीदीप औद्योगिक क्षेत्र में पानी भेजा जाएगा। करीब 12 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाकर 10 एमएलडी पानी मंडीदीप भेजा जाएगा। इसके लिए करीब 50 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
2. सनखेड़ी एसटीपी प्लांट से सतगढ़ी औद्योगिक क्षेत्र: कोलार रोड स्थित सनखेड़ी में 32 एमएलडी क्षमता वाला एसटीपी संचालित है। यहां से दो एमएलडी पानी सतगढ़ी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में बेचने की योजना है, जिसके लिए करीब 11 किमी लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी और करीब 15 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
3. महोली एसटीपी से गोविंदपुरा और अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र: महोली दामखेड़ा स्थित 35 एमएलडी एसटीपी से गोविंदपुरा और अचारपुरा औद्योगिक क्षेत्रों में संचालित फैक्ट्रियों को पानी बेचा जाएगा। यहां से अचारपुरा तक करीब सात किमी लंबी लाइन बिछाकर तीन एमएलडी पानी फैक्ट्रियों तक पहुंचाया जाएगा।
इसके लिए करीब 17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। साथ ही गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र तक करीब पांच एमएलडी पानी पहुंचाने के लिए 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए सात किमी लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
25 प्रतिशत राशि केंद्र से लेने की तैयारी
परियोजना पर करीब 102 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। निगम इसकी 25 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार के अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) से लेने की तैयारी कर रहा है। शेष काम पीपीपी मॉडल पर कराने की योजना है। निगम का दावा है कि इससे परियोजना पर उसे सीधे अपनी राशि खर्च नहीं करनी पड़ेगी। औद्योगिक इकाइयों से पानी खरीदने के लिए सहमति भी ली जा रही है। निगम इसे सर्कुलर इकोनामी के माडल के रूप में विकसित करना चाहता है।
नगर निगम सीवेज के शोधित पानी के पुन: उपयोग को बढ़ावा देने के लिए यह परियोजना तैयार कर रहा है। इसके तहत शहर के तीन एसटीपी से चार औद्योगिक क्षेत्रों तक पाइपलाइन के माध्यम से पानी पहुंचाया जाएगा। - तन्मय वशिष्ठ शर्मा, अपर आयुक्त, नगर निगम