
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: बिलखिरिया थाना क्षेत्र के आदमपुर छावनी में 23 वर्षीय नवविवाहिता ने जहरीला पदार्थ पीकर खुदकुशी कर ली। शुक्रवार दोपहर तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे 1250 अस्पताल लेकर पहुंचे थे। हालत गंभीर होने पर डाक्टरों ने उसे हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया। यहां शनिवार रात करीब आठ बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार रेखा पति लखन नायक आदमपुर छावनी में रहती थी। मूलत: आगर मालवा की रहने वाली रेखा ने करीब तीन साल पहले लखन से अपनी पसंद से शादी की थी। लखन मजदूरी करता है।
शुक्रवार सुबह वह काम पर चला गया था। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे उसके भतीजे ने फोन कर बताया कि रेखा को उल्टियां हो रही हैं। सूचना मिलते ही लखन घर पहुंचा और उसे अस्पताल लेकर गया। हालत बिगड़ने पर उसे हमीदिया रेफर कर दिया गया।
अस्पताल की सूचना पर पुलिस रेखा के बयान दर्ज करने पहुंची थी, लेकिन उसकी हालत बयान देने की नहीं थी। पति लखन ने पुलिस को बताया कि घर से इल्लीमार कीटनाशक की शीशी मिली है। आशंका है कि रेखा ने यही जहरीला पदार्थ पीया था।
यह भी पढ़ें- भोपाल में गूगल से ट्रांसपोर्ट कंपनी का नंबर निकाला, ठग ने कर्मचारी बनकर खाते से 69 हजार उड़ाए