Bhopal News: जगदीशपुर सहित आधा दर्जन गांवों के निवासियों को उलपब्ध हुई सिटी बस सेवा
अब लांबाखेड़ा नगर निगम सीमा तक आने वाली सिटी बस जगदीशपुर से होते हुए ईंटखेड़ी पहुंचेगी और वापस करोंद जाएंगी। ...और पढ़ें
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Wed, 15 Feb 2023 03:49:26 PM (IST)Updated Date: Wed, 15 Feb 2023 03:49:26 PM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। भोपाल नगर निगम के सबसे करीब स्थित ग्राम पंचायत जगदीशपुर सिटी बस सेवा से शहर से जुड़ गया है। दरअसल अभी तक यहां के लोगों को लांबाखेड़ा या करोंद तक आने के लिए निजी वाहन सहित आटो आदि में सफर करना पड़ता था। अब ऐसा नहीं होगा क्योंकि इनके लिए अब सिटी बस की सेवा शुरू हो गई है। यह सेवा मंगलवार को जगदीशपुर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पहुंचने के कुछ घंटे पहले शुरू हुई है। अब लांबाखेड़ा नगर निगम सीमा तक आने वाली सिटी बस जगदीशपुर से होते हुए ईंटखेड़ी पहुंचेगी और वापस करोंद जाएंगी। इससे यहां आसपास के आधा दर्जन से अधिक ग्रामीणों को लाभ मिलेगा। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जगदीशपुर गौरव दिवस कार्यक्रम के दौरान की।
![naidunia_image]()
बुजुर्ग पेंशन 600 से बढ़ाकर 1000 प्रतिमाह
जिस चमन महल में राजपूत शासक प्रजा का हालचाल जानने के लिए दरबार लगाया करते थे वहीं से मुख्यमंत्री ने इलाके को सौगातें दीं। उन्होंने कहा कि परिवार सशक्त होगा, तब ही राज्य सशक्त बनेगा। इसलिए योजनाओं में वृद्धि की जा रही है। वृद्धा पेंशन राशि 600 से बढ़ा कर 1000 रुपये कर दी जाएगी। लाड़ली बहना योजना के गांव -गांव में शिविर लगाए जाएंगे। यह काम पांच मार्च से शुरू हो जाएगा और जून माह से पैसा आना शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कमलनाथ पूछते हैं, कहां हो रहा है विकास? देख लें, प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है, कई विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकर्पण किए जा रहे हैं और जगदीशपुर में जो काम हुए हैं, वह भी विकास यात्रा के ही अंग है।
बैरसिया विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि इस्लामनगर का नाम बदलकर जगदीशपुर होना सभी के लिए गौरव की बात है, इसलिए आज इस दिन को गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। यह ऐतिहासिक क्षण है। मुख्यमंत्री की सक्रियता के कारण ही यह संभव हुआ है। जगदीशपुर को आदर्श पंचायत बनाने के लिए विकास कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। सामाजिक सरोकार और जन-भागीदारी के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इधर कार्यक्रम में पहुंचे नगर निगम परिषद अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने कहा कि जगदीशपुर नाम होना बेहद ही सुखद है। यहां परिवहन की सुविधा भी मिली है। नगर निगम द्वारा परिवहन सहित अन्य सुविधाएं भी ग्राम पंचायत को उलपब्ध कराई जाएंगी।
इन कार्यों का किया लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान लाम्बाखेड़ा से जगदीशपुर मार्ग, भदभदा से निपानिया जाट मार्ग मजबूतीकरण, लाम्बाखेड़ा से निपालिया बाजखां मार्ग, ईंटखेड़ी से अचारपुरा मार्ग चौड़ीकरण, 33-11 केवी विद्युत उपकेन्द्र परेवाखेड़ा, ईंटखेड़ी एमआरएफ सेंटर, स्वच्छता परिसर ग्राम पंचायत अचारपुरा, गोलखेड़ी, जगदीशपुर, ईंटखेड़ी सड़क, खेजड़ा देव, निनानिया जाट, नाली निर्माण कार्य ग्राम पंचायत रायपुर, जगदीशपुर एवं निपानिया जाट आदि कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।