Bhopal News: 12 साल से सुविधाओं के लिए भटक रहे दिव्यांग को मिली साइकिल व अन्य सुविधाएं
नगर निगम में दिव्यांग का पेंशन खाता खुला। राशन की पात्रता पर्ची भी मिली। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो को देखकर संभागायुक्त ने लिया संज्ञान। वार्ड क् ...और पढ़ें
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Tue, 15 Nov 2022 08:50:48 AM (IST)Updated Date: Tue, 15 Nov 2022 08:50:48 AM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। शहर में न जाने कितने दिव्यांग व्यक्ति सुविधाओं के लिए मोहताज हैं और दर-दर भटक रहे हैं, जबकि सरकार द्वारा उनकी मदद के लिए तमाम तरह की योजनाएं चलाईं जा रही हैं। दरअसल वह स्थानीय पार्षद और विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही की वजह से इनसे वंचित रह जाते हैं। जब कभी सुर्खियों में आने के बाद इन दिव्यांगों का मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच जाता है तो तुरत-फुरत इनको सुविधाएं उपलब्ध हो भी जाती हैं। ऐसा ही एक मामला वार्ड 46 में सोमवार को सामने आया है। एक दिव्यांग का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के 24 घंटे बाद ही उसे शासन की सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो गया है।
वार्ड क्रमांक 46 में नूतन कालेज के सामने 109 की लाइन के पीछे झुग्गी नंबर 27 में रहने वाले विजय कुमार सोंधिया का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें बताया गया था कि दिव्यांग को 12
साल से पेंशन नहीं मिली है, उनका बीपीएल कार्ड भी नहीं है। वह पहले सहारे से चल भी लेता था, लेकिन अब वह बिल्कुल मोहताज हो गया है और सरक-सरक कर चलता है। इस वीडियो पर भोपाल के नए संभागायुक्त मालसिंह भयड़िया ने संज्ञान लिया और सोमवार को मदद दिलाने का आश्वासन दिया था। इसी दिन सामाजिक न्याय विभाग और नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी दिव्यांग से मिलने पहुंचे थे। संभागायुक्त के निर्देश का पालन करते हुए सोमवार को दिव्यांग को तिपहिया साइकिल दी गई है। साथ ही नगर निगम पेंशन के लिए बैंक खाता खुलवाने के साथ ही राशन की पात्रता पर्ची भी बनवाई गई है। इससे दिव्यांग को शासन
की इन सुविधाओं का लाभ मिलना शुरू हो गया है। इसके लिए दिव्यांग ने संभागायुक्त का आभार व्यक्त किया है।