Bhopal News: मदद के दौरान मामूली हादसा, राजधानी एक्सप्रेस में मरीज को आक्सीजन सिलेंडर लगाते वक्त फूटा फ्लोमीटर, दो को आई चोट
भोपाल स्टेशन पर आधी रात को आक्सीजन सिलेंडर पहुंचाकर मरीज की जान बचाई। मुंबई से आगरा की आगरा की ओर सफर कर रही थी महिला।
By Ravindra Soni
Edited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 15 Oct 2023 08:37:11 AM (IST)
Updated Date: Sun, 15 Oct 2023 08:37:11 AM (IST)
HighLights
- रास्ते में अचानक बिगड़ गई थी महिला मरीज की तबीयत।
- सिलेंडर का नोजल जाम होने की वजह से आई दिक्कत।
- तुरंत दूसरा सिलेंडर मंगाकर महिला को आक्सीजन उपलब्ध कराई गई।
भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। राजधानी एक्सप्रेस में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात मुंबई से आगरा की ओर सफर कर रही एक अस्थमा पेशेंट महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। महिला मरीज की स्थित गंभीर होने लगी और उसे आक्सीजन की जरूरत पड़ गई। तुरंत रेलवे अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। ट्रेन उस वक्त भोपाल रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली थी। इसकी जानकारी मिलने पर भोपाल में कार्यरत एक एनजीओ के सदस्य आक्सीजन सिलेंडर लेकर तुरंत स्टेशन पर पहुंच गए। लेकिन परंतु सिलेंडर का नोजल जाम हो जाने की वजह से खुल नही पा रहा था।
सिलेंडर में फ्लो मीटर बदलने के दौरान हुआ हादसा
जब दूसरे सिलेंडर में एनजीओ के सदस्य द्वारा फ्लोमीटर लगाने की कोशिश की जा रही थी, तो उस फ्लोमीटर मे अत्यधिक प्रेशर होने के कारण वह जोर से फूट गया जिसके चलते एनजीओ के दो वालेंटियर्स को मामूली चोट आई। इसकी वजह से ट्रेन के स्टेशन से रवाना होने में भी विलंब हो गया। ट्रेन करीब 30 मिनट तक भोपाल स्टेशन पर खड़ी रही। आखिरकार गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया से तुरंत दूसरा सिलेंडर मंगाकर महिला मरीज को आक्सीजन उपलब्ध कराई गई। इसके बाद ट्रेन स्टेशन से रवाना हुई।
डेढ़ साल से चल रहा सिलसिला
भोपाल स्टेशन पर मिली इस त्वरित मदद से महिला मरीज के स्वजन भावुक हो गए और उन्होंने रेलवे स्टाफ व एनजीओ सदस्यों का आभार व्यक्त किया। एनजीओ के सदस्यों ने बताया कि यह पांचवीं बार है जब रेलवे के अनुरोध पर तुरंत किसी मरीज को मदद पहुंचाई गई। इमरजेंसी में मदद का यह सिलसिला पिछले डेढ़ साल से चला आ रहा है।