Bhopal News: मप्र भोज मुक्त विश्वविद्यालय को पहली बार नैक से मिला ‘ए’ ग्रेड
नैक पियर टीम ने 11 से 13 सितंबर तक किया था विवि का निरीक्षण। विवि को सात पाइंट के पैमाने पर 3.08 अंकों के साथ ‘ए’ ग्रेड मिला है, जो पांच वर्षों के लिए ...और पढ़ें
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 24 Sep 2023 07:19:59 AM (IST)Updated Date: Sun, 24 Sep 2023 07:19:59 AM (IST)

भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। राजधानी में स्थित मप्र भोज मुक्त विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) ने ‘ए’ ग्रेड दिया है। नैक पियर टीम ने 11 से 13 सितंबर को विवि का निरीक्षण किया था। जिसके बाद सात में तीन से अधिक अंकों के साथ विवि को यह उत्कृष्ट ग्रेड प्राप्त हुआ। विवि प्रशासन की ओर से बताया गया कि विवि को सात पाइंट के पैमाने पर 3.08 अंकों के साथ ‘ए’ ग्रेड मिला है, जो पांच वर्षों के लिए मान्य होगा। इस दौरान विवि को प्रति वर्ष वार्षिक गुणवत्ता आश्वासन नैक में जमा करनी होगी।
यह पहली बार है जब मप्र भोज मुक्त विश्वविद्यालय को यह उपलब्धि मिली है। इसके लिए कुलपति प्रो. संजय तिवारी एवं कुलसचिव डा. अनिल कुमार शर्मा ने प्राध्यापकों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि ‘ए’ ग्रेड प्राप्त होने से विश्वविद्यालय अपने अकादमिक उत्कृष्टता के साथ दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा को प्रदेश के कोने-कोने में पहुंचाने में सफल होगा। विवि को नैक से ‘ए’ मिलने का श्रेय कुलपति प्रोफेसर संजय तिवारी को जाता है। इनके कार्यकाल में जहां कई नवाचार हुए हैं, वहीं विद्यार्थियों की दर्ज संख्या में इजाफा हुआ था। करीब 30 साल बाद भोज विश्वविद्यालय का नैक टीम ने निरीक्षण किया है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व कुलपति प्रो. जयंत सोनवलकर ने कोविड काल में दूरदर्शन से लेक्चर चलवाकर कक्षाएं संचालित करवाईं, यू-ट्यूब पर स्टडी मटेरियल के पीडीएफ अपलोड करवाए, ताकि आफलाइन स्टडी मटेरियल की कमी दूर हो सके। इसके अलावा विशेषज्ञों से दूरस्थ शिक्षा और कंपनियों की मांग के अनुसार स्टडी मटेरियल और किताबों का प्रकाशन कराया। इसके साथ ही रिक्रूटमेंट कराकर समय से परीक्षाएं कराई। विश्वविद्यालय में करीब 150 आनलाइन कोर्स शुरू करने और छात्र विद्यार्थियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने के कारण दर्ज संख्या में इजाफा हुआ है। इसी का परिणाम है कि नैक ने ‘ए’ ग्रेड प्रदान किया है।