
भोपाल, (राज्य ब्यूरो)। प्रदेश में नए डायल-100 वाहनों के संचालन पर ग्रहण लगा हुआ है। दो साल तक चली प्रक्रिया के बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर टेंडर निरस्त कर दिया गया। दोबारा टेंडर जारी होने के पहले ही आदर्श आचार संहिता लग गई, जो छह जून तक प्रभावी रहेगी। इस कारण नए वाहनों के संचालन में लगभग तीन माह और देरी होगी।
अब जून अंत या जुलाई तक टेंडर हो पाएंगे। कंपनी का चयन होने में लगभग चार माह लगेंगे। इस तरह वर्ष के अंत तक ही नए डायल-100 वाहनों की सुविधा मिल पाएगी। बता दें कि नई कंपनी आने के बाद वाहनों की संख्या चरणबद्ध तरीके से एक हजार से बढ़कर दो हजार हो जाएगी। अन्य सुविधाएं भी बढ़ेंगी।

उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय ने वाहनों के संचालन के लिए एक कंपनी का चयन कर अनुमति के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा था। दो माह तक शासन स्तर पर अनुमति नहीं मिली। बाद में मुख्यमंत्री के निर्देश पर पूरी टेंडर प्रक्रिया रद कर दी गई।
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि संचालन की शर्तें यथावत हैं, पर निविदा जारी होने के बाद एजेंसी के चयन में तीन से चार माह लगेंगे। बता दें कि तीन वर्ष पहले नई एजेंसी का चयन हो जाना था, पर टेंडर में देरी और कोर्ट केस के कारण तीन वर्ष का विलंब हो चुका है। अभी चल रहे वाहनों की स्थिति खराब हो चुकी है।
- वाहनों की संख्या एक हजार से बढ़कर दो हजार हो जाएगी।
- अभी टाटा सफारी वाहन चल रहे हैं, उनकी जगह इनोवा वाहन चलेंगे।
- लोगों की सहायता के लिए वाहन तुरंत पहुंच सकेंगे।
- वाहनों में सीसीटीवी कैमरे लगे रहेंगे।