Bhopal में किराएदारों, डिलीवरी ब्वॉय और गार्ड्स का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य, 16 नवंबर से लागू हुए नए नियम
भोपाल पुलिस ने सुरक्षा के लिए किरायेदारों, नौकरों, डिलीवरी बॉय और गार्ड्स का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य कर दिया है। 16 नवंबर से लागू इस नियम का उल्लंघन करने पर दंडात्मक कार्रवाई होगी।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 01:39:55 PM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 01:39:55 PM (IST)
भोपाल में पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य। (एआई जनरेटेड)HighLights
- भोपाल में पुलिस वेरिफिकेशन हुआ अनिवार्य।
- मकान मालिक 7 दिन में दें जानकारी।
- डिलीवरी बॉय और गार्ड्स का सत्यापन जरूरी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम कसने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा जारी कर शहर में रहने वाले अस्थायी नागरिकों और विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य कर दिया है।
शहर की संवेदनशीलता, वीआइपी मूवमेंट और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के मद्देनजर जारी यह आदेश 16 नवंबर 2026 से आगामी दो महीनों तक प्रभावशील रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
आदेश के प्रमुख बिंदु
- किराएदार और घरेलू सहायक: मकान मालिकों को नया मकान या हिस्सा किराए पर देने के एक सप्ताह के भीतर किराएदार या पीजी का विवरण संबंधित थाने या एमपी पुलिस सिटिज़न पोर्टल पर देना होगा। पुराने किराएदारों व घरेलू नौकरों की जानकारी 15 दिनों के भीतर दर्ज कराना अनिवार्य है।
- डिलीवरी ब्वॉय और गार्ड्स: आनलाइन शापिंग, कूरियर और होम डिलीवरी करने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ निजी सुरक्षा एजेंसियों या व्यक्तिगत स्तर पर तैनात प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड्स के पहचान पत्र और विवरण थाने में जमा कराने होंगे।
- होटल, लॉज और छात्रावास: होटल, लॉज, धर्मशाला, रिसोर्ट और गेस्ट हाउस संचालकों को आगंतुकों का रिकार्ड रजिस्टर में संधारित कर थाने को सूचित करना होगा। छात्रावास संचालकों पर भी छात्र-छात्राओं की जानकारी देने की बाध्यता रहेगी।
- मजदूर, ट्रेवल्स और स्पा सेंटर: भवन निर्माण ठेकेदारों को मजदूरों की, और स्पा, मसाज सेंटर व ब्यूटी पार्लर संचालकों को अपने कर्मचारियों की जानकारी व आईडी प्रूफ थाने में देने होंगे। वहीं, वाहन किराए पर देने वाली ट्रेवल्स एजेंसियों को ग्राहक की पहचान की तस्दीक कर दस्तावेज सुरक्षित रखने होंगे।पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बताया कि बाहरी तत्वों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है। आम नागरिकों से इस आदेश का पालन कर सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है।