MP Weather Alert: बंगाल की खाड़ी में तूफान का असर, 20 नवंबर को 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने तूफान के कारण 20 नवंबर को एमपी के 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है। वहीं, तापमान गिरने से भोपाल-इंदौर पचमढ़ी से भी ठंडे हो गए हैं।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 11:59:49 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 11:59:49 AM (IST)
बंगाल की खाड़ी में तूफान का असर। (एआई जनरेटेड)HighLights
- 20 नवंबर को एमपी के 9 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट।
- बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान से बदलेगा मौसम।
- 11.4 डिग्री तापमान के साथ कटनी का करौंदी सबसे ठंडा।
डिजिटल डेस्क। मध्य प्रदेश में गुलाबी ठंड के बीच एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने 20 नवंबर को राज्य के दक्षिण-पूर्वी हिस्से के नौ जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है।
खास तौर पर उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बूंदाबांदी या बारिश के आसार बने हुए हैं। हालांकि, सिस्टम का असर अभी से दिखने लगा है और राजधानी भोपाल समेत कई इलाकों में आसमान पर बादलों ने डेरा डाल लिया है।
बंगाल की खाड़ी में उठ रहे तूफान का दिखेगा असर
- मौसम केंद्र (IMD) के वैज्ञानिकों की मानें तो बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव (डीप डिप्रेशन) अब तूफान की शक्ल ले रहा है, जिसका सीधा असर मध्य प्रदेश के मौसम पर पड़ेगा। 17 नवंबर को मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके एक बेहद ताकतवर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना जताई जा रही है।
- जैसे-जैसे यह सिस्टम आगे बढ़ेगा, प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला शुरू होगा और 20 नवंबर को इसका सबसे ज्यादा प्रभाव देखने को मिलेगा। उधर, भोपाल में सोमवार सुबह हल्की धुंध छाई रही और शाम चार बजते-बजते मौसम बदला व घने बादल छा गए।
करौंदी की रात सबसे सर्द, हिल स्टेशन से ज्यादा ठंडे बड़े शहर
- प्रदेश में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है और 17 शहरों में पारा 15 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है। बीती रात कटनी जिले के करौंदी में सबसे ज्यादा ठिठुरन रही, जहां न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा अमरकंटक में 11.8, कल्याणपुर में 12.1, दमोह में 12.4 और छिंदवाड़ा में पारा 13 डिग्री दर्ज किया गया।
- दिलचस्प बात यह है कि प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी (14.6 डिग्री) इस समय भोपाल और इंदौर के मुकाबले कम ठंडा है। दोनों प्रमुख शहरों में रात का पारा 13.2 डिग्री पर आ गया है, जबकि नौगांव में 13.5, मलाजखंड में 13.6 और उज्जैन में 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
पहाड़ों की बर्फबारी और 20 नवंबर के बाद कड़ाके की ठंड का ट्रेंड
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों कश्मीर और उत्तराखंड में हो रही ताजा बर्फबारी और राजस्थान में चक्रवात के कारण हुई हल्की बारिश ने मध्य प्रदेश की फिजाओं में भी ठंडक घोल दी है। मौसम विभाग के पिछले एक दशक के आंकड़े बताते हैं कि नवंबर के दूसरे पखवाड़े में प्रदेश में तेज सर्दी पड़ने लगती है। पिछले 10 में से 9 साल ऐसा ही देखने को मिला है। मौसम जानकारों का अनुमान है कि इस बार भी 20 नवंबर के बाद ठंड अपना असली रंग दिखाएगी।
यह भी पढ़ें- भोपाल मास्टर प्लान-2047 पर हंगामा, विधायक रामेश्वर शर्मा और पूर्व IAS कविंद्र कियावत आमने-सामने
ग्वालियर-चंबल में लुढ़केगा पारा, जानिए पुराने रिकॉर्ड
आने वाले दिनों में उत्तर से आने वाली सर्द हवाएं सीधे ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों को अपनी चपेट में लेंगी, जिससे वहां तापमान में तेज गिरावट आएगी। इतिहास पर नजर डालें तो करीब 57 साल पहले ग्वालियर में नवंबर की रात का पारा 3 डिग्री सेल्सियस तक गोता लगा चुका है, वहीं उज्जैन में 53 साल पहले न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री तक दर्ज किया गया था। इसके अलावा भोपाल, इंदौर और जबलपुर जैसे शहरों में नवंबर के दौरान बारिश होने का पुराना ट्रेंड रहा है। इस महीने के तीसरे और चौथे हफ्ते में नए मौसमी सिस्टम सक्रिय होने से एक बार फिर बादल बरसने की पूरी गुंजाइश बनी हुई है।