
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में पति की मौत के बाद खुद के पैरों पर खड़ी होने की कोशिश कर रही 49 वर्षीय एक महिला के साथ ज्यादती का सनसनीखेज मामला सामने आया है। व्यापार में मदद का झांसा देकर एक युवक ने पहले उसके साथ पार्टनरशिप में होटल खोला और फिर मौका पाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
आरोपी ने महिला को समाज में बदनाम करने की धमकी देकर उसकी आवाज दबाने की कोशिश भी की और उसके साथ मारपीट की। पीड़िता की शिकायत पर शाहपुरा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है।
शाहपुरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता के पति का देहांत हो चुका है। महिला के पास कुछ पुश्तैनी संपत्ति थी और वह उसी के जरिए अपना कोई काम शुरू करना चाहती थी, जिससे उसे आर्थिक रूप से किसी पर निर्भर न रहना पड़े। इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर उसकी पहचान अभिषेक नामक युवक से हुई। दोनों के बीच जब बातचीत का सिलसिला बढ़ा, तो महिला ने अपनी बिजनेस करने की मंशा जाहिर की।
महिला की बातें सुनकर अभिषेक ने उसे झांसे में लिया और साथ मिलकर होटल का व्यवसाय चलाने का ऑफर दे दिया। इसके बाद दोनों ने आपसी रजामंदी से बावड़िया कलां इलाके में एक होटल लीज पर लिया और उसे संयुक्त रूप से संचालित करने लगे। पीड़िता का आरोप है कि काम के दौरान 25 दिसंबर 2025 को अभिषेक ने होटल के अंदर उसे अकेला पाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता को डराया-धमकाया कि अगर उसने इस घटना का जिक्र किसी से किया, तो वह उसे पूरे समाज में बदनाम कर देगा। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने इस दौरान उसके साथ मारपीट भी की। लगातार मिल रही धमकियों और प्रताड़ना से टूट चुकी महिला ने आखिरकार हिम्मत जुटाई और दो दिन पहले शाहपुरा थाने पहुंचकर अपनी आपबीती पुलिस को सुनाई।
यह भी पढ़ें- Cabinet Meeting: MP में अब तीन बच्चे होने पर भी मिलेगी सरकारी नौकरी; दो बच्चों की बाध्यता खत्म
महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच की और बुधवार को अभिषेक के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धमकाने सहित अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली। फिलहाल पुलिस आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
यह भी पढ़ें- भोपाल में जल कार्य शाखा का बजट 104 करोड़, 7 महीने में खर्च सिर्फ 2 करोड़, 12 काम पूरी तरह ठप