भोपाल में जल कार्य शाखा का बजट 104 करोड़, 7 महीने में खर्च सिर्फ 2 करोड़, 12 काम पूरी तरह ठप
भोपाल नगर निगम की जल कार्य शाखा ने 104.65 करोड़ के बजट में से सात माह में मात्र 2.05 करोड़ खर्च किए। 12 जरूरी मदों में एक रुपया भी खर्च नहीं हुआ।-
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 04:36:51 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 04:36:51 PM (IST)
भोपाल में जल कार्य शाखा का बजट 104 करोड़। (एआई जनरेटेड)HighLights
- जल कार्य शाखा का कुल बजट 104.65 करोड़ रुपये है।
- सात माह में केवल 2.05 करोड़ रुपये ही खर्च हुए।
- रखरखाव व निर्माण की 12 मदों में खर्च शून्य है।
अनुज मैना, भोपाल : शहर में कहीं पानी का दबाव कम है तो कहीं पाइपलाइन लीकेज और कहीं टंकियों के रखरखाव की शिकायतें हैं। इन समस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी संभालने वाली नगर निगम की जल कार्य शाखा के पास बजट की कमी नहीं है, लेकिन खर्च के आंकड़े कामकाज की रफ्तार पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में शाखा को 104 करोड़ 65 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है, लेकिन सात महीने बीतने के बाद भी इसमें से महज 2.05 करोड़ रुपये ही खर्च किए जा सके हैं। यानी कुल बजट का करीब 1.96 प्रतिशत ही उपयोग हुआ है।
12 मदों में एक रुपया भी खर्च नहीं
सबसे चौंकाने वाली स्थिति यह है कि बजट की 17 मदों में से 12 में अब तक एक रुपया भी खर्च नहीं किया गया। इन मदों के लिए 43 करोड़ 20 लाख रुपये का प्रावधान है, लेकिन पूरा पैसा खाते में बचा हुआ है। इसमें पुरानी टंकियों और संपवेल के रखरखाव, वाल्व चेंबर, संपवेल और ओवरहेड टैंक निर्माण, बोरवेल, जलापूर्ति व्यवस्था के विकास, कुओं और बावड़ियों के रखरखाव, जलापूर्ति परिसंपत्तियों के संचालन और रखरखाव तथा पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए केमिकल और क्लोरीनेटर की खरीदी जैसी जरूरी मदें शामिल हैं।
कुल खर्च की 90 फीसदी राशि सिर्फ दो मदों में खर्च
- खर्च का बड़ा हिस्सा भी सीमित मदों में सिमटा हुआ है। जल कार्य शाखा स्टोर्स के लिए 12 करोड़ रुपये में से 1.25 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। वहीं, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के आउटसोर्स संचालन पर आवंटित 12 करोड़ में से 58.76 लाख रुपये खर्च किए गए। कुल 2.05 करोड़ रुपये के खर्च में इन दो मदों की हिस्सेदारी ही करीब 90 प्रतिशत है।
इसके अलावा पाइपलाइन के रखरखाव और शिफ्टिंग के लिए 31.95 करोड़ रुपये रखे गए, लेकिन इसमें से केवल 7.78 लाख रुपये खर्च हुए। प्लांट और इमारतों की मरम्मत के लिए आवंटित 1.50 करोड़ रुपये में से 10.43 लाख, पंप मरम्मत के चार करोड़ में से तीन लाख रुपये का ही उपयोग किया गया है। यह भी पढ़ें- MP Lokayukta: चित्रकूट नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष और तत्कालीन CMO के खिलाफ अभियोजन की तैयारी
इन 12 मदों में एक रुपया भी खर्च नहीं
- पुरानी टंकी/संपवेल रखरखाव - 4 करोड़ - शून्य
- वाल्व चेंबर - 2 करोड़ - शून्य
- संप टैंक व ओएचटी निर्माण (सामान्य) - 1.50 करोड़ - शून्य
- संप टैंक व ओएचटी निर्माण (अर्बन) - 1.50 करोड़ - शून्य
- बोरवेल - 5 लाख - शून्य
- जलापूर्ति विकास कार्य - 5 करोड़ - शून्य
- कुएं व बावड़ी की सफाई और रखरखाव - 50 लाख - शून्य
- जलापूर्ति परिसंपत्तियों का संचालन व रखरखाव - 8 करोड़ - शून्य
- केमिकल व क्लोरीनेटर खरीदी - 15 करोड़ - शून्य
- ओएचटी की बाउंड्रीवाल निर्माण - 4 करोड़ - शून्य
- ट्रांसफार्मर मरम्मत - 75 लाख - शून्य
- सार्वजनिक हाइड्रेंट - 90 लाख - शून्य
- कुल - 43.20 करोड़ - शून्य