
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। अवधपुरी में करीब एक महीने से सड़क खोदकर काम अधूरा छोड़ने वाली कंस्ट्रक्शन कंपनी जय वरूणी की लापरवाही अब पुलिस कार्रवाई के घेरे में आ गई है। सौम्या विहार फेस-1 से कंचन नगर तक करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे खुदे होने के बावजूद कंपनी ने न तो संकेतक लगाए और न ही लोगों की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम किए।
इससे रोजाना जाम लग रहा था और कई लोग गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। मामले में अवधपुरी पुलिस ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के ठेकेदार के खिलाफ बीएनएस की धारा 125 के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार सड़क निर्माण के लिए करीब एक महीने पहले सड़क खोदी गई थी, लेकिन इसके बाद काम शुरू नहीं किया गया। सड़क का बड़ा हिस्सा खुदा होने से वाहन चालकों के लिए रास्ता संकरा हो गया था। कई स्थानों पर गहरे गड्ढे होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। स्थिति यह थी कि सड़क के तीनों तरफ जाम लग जाता था।
इस अव्यवस्था के कारण आम वाहन चालकों के साथ अस्पताल जाने वाले मरीज और उनके स्वजन भी परेशान होते रहे। मजिस्ट्रेट और अधिकारी भी जाम में फंस चुके हैं। लंबे समय तक सड़क को इस तरह छोड़ दिए जाने के बावजूद जिम्मेदार एजेंसी ने सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं किए।
बैंककर्मी दीपक दुबे ने रविवार रात को मामले की शिकायत पुलिस से की। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने से सड़क खुदी पड़ी है और रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। अवधपुरी थाना प्रभारी सुरेश मीणा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में आवासीय क्षेत्रों में कारोबार पर सुप्रीम कोर्ट में आज सुनवाई, निगम ने बदला शपथ-पत्र