भोपाल: TNCP ज्वाइंट डायरेक्टर सस्पेंड; हाफ पैंट पहनकर हाई कोर्ट की ऑनलाइन सुनवाई में जुड़ने पर एक्शन
27 अक्टूबर को जबलपुर हाई कोर्ट की ऑनलाइन सुनवाई के दौरान गजभिये बिस्तर पर बैठकर हाफ पैंट में पेश हुए थे। कोर्ट ने अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
Publish Date: Wed, 18 Nov 2026 09:06:50 AM (IST)Updated Date: Wed, 18 Nov 2026 09:06:50 AM (IST)
संचालनालय नगर एवं ग्राम निवेश (टीएनसीपी) के संयुक्त संचालक अमित कुमार गजभिये निलंबित। सौ-सोशल मीडियाHighLights
- मध्य प्रदेश शासन ने अमित कुमार गजभिये को निलंबित किया
- हाई कोर्ट की ऑनलाइन सुनवाई में अमर्यादित आचरण पर एक्शन
- सुनवाई के दौरान गजभिये बिस्तर पर बैठकर हाफ पैंट में पेश हुए थे
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल । नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने संचालनालय नगर एवं ग्राम निवेश (टीएनसीपी) के संयुक्त संचालक अमित कुमार गजभिये को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश हाई कोर्ट जबलपुर की ऑनलाइन सुनवाई के दौरान अदालत की मर्यादा के विरुद्ध अमर्यादित आचरण करने के कारण की गई है।
गजभिये 27 अक्टूबर को हाई कोर्ट की आनलाइन सुनवाई में हाफ पैंट पहनकर बिस्तर पर बैठे ही जुड़ गए थे। जिसके बाद हाई कोर्ट ने उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए थे।
हाफ पैंट पहनकर जुड़े
दरअसल, यह मामला मेसर्स जीएसबी कंस्ट्रक्शन की ओर से दायर एक अवमानना याचिका से जुड़ा है। हाई कोर्ट ने नौ अक्टूबर 2026 को गजभिये को इस मामले की अनुपालन रिपोर्ट पेश करने को कहा था। रिपोर्ट जमा न करने के कारण उन्हें व्यक्तिगत ऑनलाइन उपस्थित होने के लिए कहा गया, जिसमें वे हाफ पैंट पहनकर जुड़ गए।
30 नवंबर को अगली सुनवाई
इस मामले में अगली सुनवाई 30 नवंबर को तय की गई है। जिसमें सरकार को गजभिये को लेकर की गई कार्रवाई की स्थिति भी स्पष्ट करानी है। यही वजह है कि इससे पहले शासन ने गजभिये को निलंबित कर दिया है।