Bhopal Traffic Diversion:आज अटल पथ पर BJP की बड़ी रैली, सुबह 8 बजे से बदले रहेंगे रूट
भदभदा, भारत माता, जवाहर चौक, रोशनपुरा, 1250 चौराहा, अपेक्स बैंक और पॉलिटेक्निक चौराहे पर दबाव रहने की संभावना है। आम वाहन चालक माता मंदिर से लिंक रोड-2, सेकंड स्टाप, अर्जुन नगर और जेल रोड होकर आवागमन कर सकेंगे।
Publish Date: Wed, 04 Nov 2026 07:57:10 AM (IST)Updated Date: Wed, 04 Nov 2026 07:57:10 AM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- अटल पथ पर रैली, 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना
- सुबह 8 बजे से लागू होगा ट्रैफिक डायवर्जन
- कई प्रमुख चौराहों पर रहेगा यातायात का दबाव
नईदुनिया प्रतिनिधि,भोपाल। टीटी नगर स्थित अटल पथ पर बुधवार को सुबह 10 बजे भाजपा की प्रस्तावित 'लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ रैली' के चलते शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में करीब 50 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। इनके लिए 1200 बसों और करीब 2 हजार चारपहिया वाहनों से आने की तैयारी है।
नगरीय यातायात पुलिस ने वाहनों की पार्किंग, ड्राप एंड गो और आमजन के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं। यह व्यवस्था सुबह 8 बजे से लागू रहेगी।
ये रूट हुए तय
-कार्यक्रम के तहत अटल पथ से अपेक्स बैंक तिराहे तक रैली भी निकाली जाएगी। विदिशा और रायसेन की ओर से आने वाली बसें पटेल नगर, खजूरीकलां, पिपलानी रोड, चेतक ब्रिज और बोर्ड ऑफिस होते हुए टीटी नगर स्टेडियम के पास पहुंचेंगी। यहां कार्यकर्ताओं को उतारने के बाद बसें एमएलए रेस्ट हाउस परिसर में पार्क होंगी।
-नर्मदापुरम और मंडीदीप की ओर से आने वाली बसें लिंक रोड-2, अर्जुन नगर और सेकंड स्टाप होते हुए अटल पथ के पास पहुंचेंगी। इन्हें तुलसी नगर स्थित आंबेडकर पार्क के पास पार्क किया जाएगा।
-सीहोर और रातीबड़ की बसें जवाहर चौक पर यात्रियों को उतारकर मॉडल स्कूल में खड़ी होंगी। पुराने शहर से आने वाली बसों के लिए टीटी नगर स्टेडियम के पास ड्राप प्वाइंट तय किया गया है। इनकी पार्किंग लाल परेड मैदान, रवींद्र भवन और खटलापुरा रोड पर होगी।
यहां रहेगा ट्रैफिक का दबाव
कार्यक्रम के दौरान भदभदा, भारत माता, जवाहर चौक, रोशनपुरा, 1250 चौराहा, अपेक्स बैंक और पॉलिटेक्निक चौराहे के आसपास यातायात का दबाव रहेगा। आम वाहन चालक माता मंदिर से लिंक रोड-2, सेकंड स्टाप, अर्जुन नगर और जेल रोड होकर जा सकेंगे।
वहीं, भारत माता डिपो चौराहे से स्मार्ट रोड और पॉलिटेक्निक चौराहे होकर पुराने शहर की ओर आवागमन किया जा सकेगा।