नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर 1 नवंबर को लाल परेड मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था की है। कार्यक्रम में आने वाले दर्शकों को पार्किंग के लिए लाल परेड मैदान से करीब 2.3 किलोमीटर दूर तक जाना पड़ेगा।
कुछ वाहनों के लिए मोतीलाल स्टेडियम में व्यवस्था रहेगी, जबकि अन्य दर्शकों को पुराने जेल मुख्यालय परिसर में वाहन पार्क करने होंगे। शाम 6 बजे से सामान्य वाहनों के लिए डायवर्जन लागू रहेगा।
इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
- कोर्ट चौराहे से लाल परेड मैदान की ओर आने-जाने वाले वाहन लिंक रोड नंबर-1, रोशनपुरा, बाणगंगा और पॉलीटेक्निक चौराहे से गुजरेंगे।
- भारत टॉकीज से नए भोपाल की ओर जाने वाले वाहन जिंसी चौराहा, मैदा मिल रोड और बोर्ड ऑफिस चौराहे से होकर लिंक रोड नंबर-1 या 2 का उपयोग करेंगे।
- रोशनपुरा से पुराने भोपाल जाने वाले वाहन बाणगंगा, पॉलीटेक्निक चौराहा, रेतघाट, मोती मस्जिद और रायल मार्केट होकर निकल सकेंगे।
पुराने भोपाल से आने वालों को जेल मुख्यालय में पार्किंग
पुराने भोपाल से आने वाले दर्शक रायल मॉर्केट, मोती मस्जिद, रेतघाट, पॉलीटेक्निक चौराहा और गांधी पार्क होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। इनके वाहनों की पार्किंग जेल मुख्यालय परिसर में रहेगी।
वल्लभ भवन, एमपी नगर और कोर्ट तिराहे की ओर से आने वाले दर्शकों को भी यहीं वाहन खड़े कर सत्कार द्वार से प्रवेश करना होगा।
अतिविशिष्ट पासधारी सलामी मंच के पीछे और मीडिया कर्मी डीआईजी एसएएफ कार्यालय में वाहन पार्क कर सकेंगे।
मीडिया कर्मियों को आमंत्रण और परिचय पत्र साथ लाना अनिवार्य है।