
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के चलते बुधवार को शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। सुबह नौ बजे से प्रेमपुरा घाट, कमलापति घाट, बैरागढ़ और हथाईखेड़ा डेम पर प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। रात आठ बजे से झांकियों का चल समारोह निकलेगा।
पुराने शहर के प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोककर वैकल्पिक रास्तों से निकाला जाएगा। भारी वाहनों का प्रवेश बुधवार सुबह आठ बजे से गुरुवार सुबह करीब आठ बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
तीन मोहरा से भोपाल टाकीज जाने वाले वाहन इस्लामी गेट, सिंधी कालोनी और अग्रवाल धर्मशाला के समानांतर मार्ग से निकल सकेंगे। अल्पना टाकीज से नादरा बस स्टैंड जाने के लिए संगम टाकीज तिराहा मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।
जुलूस आगे बढ़ने पर मंगलवारा पहुंचने पर सेंट्रल लाइब्रेरी, छावनी रोड और बुधवारा से इतवारा की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। जुमेराती पहुंचने पर रायल मार्केट से पीरगेट और रेतघाट पहुंचने पर करबला से रेतघाट व पालिटेक्निक से कमला पार्क का रास्ता बंद रहेगा। तलैया से बुधवारा की ओर भी वाहन नहीं जा सकेंगे। वैकल्पिक मार्ग रायल मार्केट, तीन मोहरा, भोपाल टाकीज, हमीदिया रोड और नादरा बस स्टैंड रहेगा।
कुछ झांकियां पॉलिटेक्निक चौराहा, डिपो चौराहा और 25वीं वाहिनी के सामने से भदभदा तिराहा होते हुए प्रेमपुरा घाट जाएंगी। चल समारोह भारत माता चौराहा पहुंचने पर भदभदा नए पुल से सिटी डिपो की ओर यातायात बंद रहेगा। वाहन आइआइएफएम, नेहरू नगर और एमएसीटी चौराहे से निकल सकेंगे।
भारत टॉकीज की ओर रास्ता बंद होने पर रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहन एमपी नगर, न्यू मार्केट, अशोका गार्डन, 80 फीट रोड, प्रभात चौराहा, सुभाष नगर ओवरब्रिज और मैदा मिल होकर जा सकेंगे। बोगदा पुल से भारत टॉकीज जाने वाले वाहनों को प्रभात चौराहा और अशोका गार्डन की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
तलैया पहुंचने पर पुलिस कंट्रोल रूम से भारत टाकीज जाने वाले वाहन जेल मुख्यालय, कोर्ट चौराहा, मैदा मिल और सुभाष नगर ओवरब्रिज होकर जाएंगे। रोशनपुरा से भारत टाकीज जाने के लिए अपेक्स बैंक, लिंक रोड नंबर-1, बोर्ड आफिस, डीबी माल और मैदा मिल का रास्ता खुला रहेगा।
रात करीब दो बजे जुलूस रेतघाट की ओर आने पर पालिटेक्निक से रेतघाट और वीआइपी रोड का रास्ता बंद होगा। एयरपोर्ट जाने वाले वाहन बोर्ड आफिस, डीबी माल, सुभाष नगर, प्रभात चौराहा और 80 फीट रोड अथवा रोशनपुरा, पीएचक्यू, तलैया, भारत टाकीज, हमीदिया रोड और लालघाटी होकर जा सकेंगे।
बैरागढ़ और खजूरी की प्रतिमाओं का विसर्जन सीहोर रोड स्थित बैरागढ़ विसर्जन स्थल पर होगा। भोपाल से इंदौर-देवास जाने और वहां से आने वाले वाहन लालघाटी, नरसिंहगढ़ तिराहा, गांधीनगर, एयरपोर्ट तिराहा, मुबारकपुर बायपास, भौंरी और खजूरी सड़क बायपास का उपयोग करें। इंदौर और सीहोर जाने वाले वाहन झागरिया, रातीबड़, नीलबड़ और भदभदा होकर निकल सकेंगे।
यह भी पढ़ें- इंदौर के 10 हजार शिक्षकों को दीवाली का तोहफा, अक्टूबर के वेतन के साथ एकमुश्त मिलेगा डीए एरियर का पैसा