
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: लिफ्ट के बहाने ट्रक में सवार हुए दो युवकों ने रास्ते में चालक से दोस्ती गांठी, फिर उसे शराब पिलाकर चाबी लगी गाड़ी लेकर फरार हो गए। पीथमपुर से झारखंड जा रहे करीब 20 लाख रुपये कीमत के नए ट्रक की चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस ने जीपीएस से लोकेशन ट्रेस की और कुछ ही घंटे में गुनगा क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
खजूरीसड़क पुलिस के अनुसार आगरा निवासी 53 वर्षीय धर्मवीर सिंह जाट ट्रक चालक हैं। रविवार तड़के करीब चार बजे वह पीथमपुर स्थित प्लांट से बिना नंबर का नया आयशर ट्रक लेकर झारखंड के डीलर के लिए रवाना हुए थे। देवास के पास दो युवकों ने भोपाल जाने के लिए लिफ्ट मांगी। किराया 400 रुपये तय होने पर दोनों ट्रक में बैठ गए।
शाम करीब सात बजे बरखेड़ा बोंदर के पास तीनों ने रुककर शराब पी। इसके बाद युवकों ने चालक को पानी लेने के लिए पास की गुमठी पर भेजा। धर्मवीर ट्रक की चाबी लगी छोड़कर गया और लौटने पर ट्रक व दोनों युवक गायब मिले।
जीपीएस की मदद से पुलिस ने ट्रक को गुनगा की ओर जाते पकड़ा। नर्सरी कालोनी, लसूड़िया (इंदौर) निवासी सुनील राठौर (30) और राहुल परिहार (32) को गिरफ्तार कर ट्रक बरामद कर लिया गया है।