
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल : वैशाली नगर में नगर निगम द्वारा की जा रही जलापूर्ति में कथित तौर पर ई-कोलाई बैक्टीरिया मिलने के बाद नगर निगम का अमला हरकत में आ गया है। पेयजल की गुणवत्ता जांचने के लिए निगम ने तीन दिन में 42 पानी के सैंपल एकत्र किए हैं।
सोमवार को अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने जलकार्य विभाग के अधिकारियों के साथ जलप्रदाय के दौरान क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान 11 सैंपल लिए गए, जिन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है। इससे पहले शनिवार को 15 और रविवार को 16 सैंपल लिए गए थे।
निगम के अनुसार, मौके पर किए गए भौतिक परीक्षण में पानी स्वच्छ पाया गया। सैंपलों में दुर्गंध नहीं मिली और अवशिष्ट क्लोरीन की मात्रा भी पर्याप्त पाई गई। अधिकारियों ने रहवासियों से चर्चा कर पेयजल की स्थिति जानी। अपर आयुक्त ने अधिकारियों को नियमित रूप से सैंपल लेकर प्रयोगशाला में जांच कराने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- Bhopal में कोलार समेत 50 इलाकों में आज 7 घंटे तक गुल रहेगी बिजली, देखें लिस्ट