Bhopal Weather News: रात में पड़ीं तेज बौछारें, सुबह सर्द हवाओं से बढ़ी सिहरन, शाम को फिर बूंदाबांदी के आसार
35 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवा। राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई शहरों में हुई वर्षा। ...और पढ़ें
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Sun, 05 Mar 2023 01:58:18 PM (IST)Updated Date: Sun, 05 Mar 2023 03:39:56 PM (IST)

भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। अलग-अलग स्थानों पर बनी दो मौसम प्रणालियों के असर से पश्चिमी मध्य प्रदेश के कई शहरों में पिछले 24 घंटों के दौरान वर्षा हुई। बादल बने रहने के कारण रात के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई। राजधानी में शनिवार रात अलग-अलग स्थानों पर तेज बौछारें पड़ीं। उधर रविवार सुबह से लगभग 35 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार उत्तरी हवा चलने से वातावरण में ठंडक बढ़ गई।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक भोपाल, नर्मदापुरम, इंदौर, उज्जैन, सागर, जबलपुर, ग्वालियर संभागों के जिलों में गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी गिर सकते हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक खरगोन में 4.8, गुना में 2.3, खंडवा में 1.9, सागर में 1.6, नर्मदापुरम में 0.8, भोपाल में 0.8, बैतूल में 0.6, पचमढ़ी में 0.2 मिलीमीटर वर्षा हुई। जबलपुर, दतिया, उज्जैन, राजगढ़ एवं ग्वालियर में बूंदाबांदी हुई।
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 20.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। साथ ही यह शनिवार के न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस की तुलना में 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा था। रविवार को सुबह से तेज रफ्तार से उत्तरी हवाएं चलने के कारण दिन के तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास ट्रफ के रूप में बना हुआ है। उसके प्रभाव से गुजरात पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। इन दो मौसम प्रणालियों के कारण हवाओं का रुख बार-बार बदल रहा है। निचले स्तर पर हवा का रुख उत्तरी बना हुआ है, जबकि ऊंचाई पर दक्षिणी हवा चल रही है। विपरीत दिशाओं की हवाओं के टकराव के कारण बादल बन रहे हैं। साथ ही गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ रही हैं।