Bhopal Weather News: सूरज ने दिखाए तेवर, 41 डिग्री के पार पहुंचा पारा
सीजन का सर्वाधिक गर्म दिन रहा गुरुवार। छह घंटे में ही नौ डिग्री उछल गया पारा। 15 मई के बाद लू चलने के आसार। ...और पढ़ें
By Ravindra SoniEdited By: Ravindra Soni
Publish Date: Fri, 12 May 2023 07:25:35 AM (IST)Updated Date: Fri, 12 May 2023 07:25:35 AM (IST)

Bhopal Weather Update: भोपाल, नवदुनिया प्रतिनिधि। वातावरण शुष्क होने के साथ प्रदेशभर में गर्मी के तेवर तीखे होने लगे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भोपाल शहर का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। यह इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा। इसके पूर्व 18 अप्रैल को शहर का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। गुरुवार को गर्मी के तेवर का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि सुबह साढ़े पांच बजे तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस पर था, जो महज छह घंटे में नौ डिग्री सेल्सियस उछलकर सुबह 11:30 बजे 37.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। गुरुवार को प्रदेश के 22 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार को भोपाल शहर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में किसी प्रभावी मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं रहने के कारण वातावरण शुष्क बना हुआ है।बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात मोचा का भी प्रदेश के मौसम पर कोई असर नहीं पड़ रहा है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार मई माह में सूरज की सीधी किरणें मध्य क्षेत्र में पड़ती हैं। इस वजह से तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला शुरू हो गया है। दो-तीन दिन में प्रदेश के आधा दर्जन से अधिक जिले लू की चपेट में आ सकते हैं। 15 मई के बाद भोपाल शहर में भी लू चलने की संभावना है।