
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। गुनगा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर शराब पीने को लेकर घर में हुई डांट से नाराज एक युवक करीब 100 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। बड़ा भाई और पिता उसे समझाकर नीचे उतारने के लिए टंकी पर पहुंचे और रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन इसी बीच युवक ने छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवक को स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार 20 वर्षीय शंकर अहिरवार गुनगा में रहता था और मजदूरी करता था। वह शराब पीने का आदी था। मंगलवार को शराब पीकर घर पहुंचने पर पिता पदम अहिरवार ने उसे डांटा और शराब पीने से मना किया। इसी बात से नाराज होकर शंकर घर के पास स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया।
उसे टंकी पर चढ़ते देख पिता और बड़ा भाई भी पीछे-पीछे ऊपर पहुंचे। दोनों उसे समझाते रहे और नीचे उतरने के लिए कहते रहे, लेकिन शंकर ने उनकी बात नहीं मानी और टंकी से छलांग लगा दी। करीब 100 फीट की ऊंचाई से गिरने के कारण उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ है।
गुनगा थाना प्रभारी रिंकू जाटव ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्वजन के बयान दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- कमल नाथ सौंपेंगे राजनीतिक विरासत! नकुल नाथ की री-लॉन्चिंग की तैयारी, 14 नवंबर को भोपाल में जुटेंगे समर्थक