भोपाल में शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक को घोड़े ने मारी दुलत्ती, मौत
भोपाल के पंचशील नगर में सड़क पर नाल ठोकते समय बिदके घोड़े ने बाइक सवार संतोष सुरडकर के पेट में लात मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस जांच कर रही है।
Publish Date: Tue, 24 Nov 2026 01:11:36 PM (IST)Updated Date: Tue, 24 Nov 2026 01:11:36 PM (IST)
युवक को घोड़े ने मारी दुलत्ती। (एआई जनरेटेड)HighLights
- पंचशील नगर में बिदके घोड़े की लात से युवक की मौत।
- शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे 39 वर्षीय संतोष सुरडकर।
- सड़क पर नाल ठोकते समय घोड़े ने पेट में मारी लात।
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: पंचशील नगर में रविवार शाम करीब सात बजे सड़क पर नाल ठोकते समय एक घोड़ा बिदक गया और वहां से गुजर रहे बाइक सवार को पेट में जोरदार लात मार दी। गंभीर रूप से घायल 39 वर्षीय ड्राइवरी संतोष सुरडकर सोमवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई।
वह अपने साले के साथ मौसेरे भाई की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहा था, तभी हादसा हो गया और जिस घर में खुशियों का इंतजार था, वहां अब मातम पसरा है। स्वजनों का आरोप है कि सड़क पर घोड़े बांधकर अस्तबल चलाने की शिकायत कई बार की गई, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। दो दिन पहले नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची भी, लेकिन चालानी कार्रवाई कर लौट गई। घोड़ों को हटाने की जहमत नहीं उठाई।
अस्तबल के सामने से गुजरते समय पेट में मारी लात
- पुलिस के अनुसार संतोष सुरडकर (39) पंचशील नगर में सरदार पटेल स्कूल के पास रहते थे। वह ड्राइवरी का काम करते थे। उनकी शादी को 11 साल हो चुके थे और कोई संतान नहीं थी। पिछले साल उन्होंने रिश्तेदार के बेटे को गोद लिया था। छोटे भाई विनोद ने पुलिस को बताया कि रविवार को संतोष अपने साले के साथ मौसेरे भाई की शादी के कार्ड बांटने गए थे। लौटते समय घर के पास रवि लोगांशी द्वारा बनाए गए अस्तबल के सामने से गुजर रहे थे। यहां पांच घोड़े पाले जाते हैं।
- सड़क के दोनों तरफ घोड़े बंधे थे और नाल ठोकने का काम चल रहा था। इसी बीच एक घोड़ा बिदक गया और संतोष के पेट में लात मार दी। वह सड़क पर गिर पड़े। पेट में तेज दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने पर पहले नजदीकी अस्पताल ले गए, फिर हालत गंभीर होने पर चूनाभट्टी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- श्रीलंका में सैर-सपाटे के नाम पर ठगे 7.74 लाख, भरोसे में एयरपोर्ट पहुंचे तो खुला राज
पहले युवक को काट चुका घोड़ा, कुत्ते की भी ले चुका जान
अस्तबल के घोड़े पहले भी लोगों और जानवरों पर हमला कर चुके हैं। एक युवक को घोड़ा काट चुका है, जबकि एक कुत्ते को लात मारने से उसकी मौत हो गई थी। इसके बावजूद अस्तबल नहीं हटाया गया।
शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं, निगम ने सिर्फ चालान काटा
भाई विनोद ने बताया कि घोड़ों से खतरे को लेकर सीएम हेल्पलाइन और टीटी नगर थाने में शिकायत की गई थी। पार्षद को भी समस्या बताई थी। दो दिन पहले नगर निगम की टीम आई, लेकिन केवल चालानी कार्रवाई कर लौट गई। घोड़े सड़क पर ही बंधे रहे। टीटी नगर पुलिस के एएसआइ दिग्विजय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद घोड़ा मालिक रवि के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।