भाजपा ने बदला अभियान का स्लोगन ; अब 'भीड़तंत्र' की जगह ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ से कांग्रेस को घेरेगी
भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ की जगह ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ नया नारा तय किया है। अभियान पांच नवंबर तक चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 11:32:24 AM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 11:32:24 AM (IST)
प्रतीकात्मक, एआई से तैयार फोटो।HighLights
- भाजपा ने बदला अभियान का नारा
- 5 नवंबर तक अभियान चलाने के निर्देश
- 10 लाख से अधिक युवाओं तक पहुंचने का लक्ष्य
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस के खिलाफ आगामी राजनीतिक अभियान के नारे में बदलाव किया है। पहले यह ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ था, जिसे बदलकर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ किया गया है। अभियान की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में हुई वर्चुअल बैठक में नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
5 नवंबर तक चलेगा अभियान
भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी तरुण चुग द्वारा जारी पत्र में नए नाम के साथ अभियान पांच नवंबर तक चलाने के निर्देश दिए गए हैं।अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के समर्थन में लोगों को जागरूक करना और सूची की शुद्धता का मुद्दा उठाना है।
कार्यक्रमों के जरिये भाजपा आपातकाल, प्रेस पर लगी सेंसरशिप और पूर्व में राज्य सरकारों की बर्खास्तगी जैसे मुद्दे उठाकर कांग्रेस को घेरेगी। साथ ही मोदी सरकार के तहत रक्षा, विज्ञान, बुनियादी ढांचे, तकनीकी प्रगति और जनकल्याण के क्षेत्रों में देश की उपलब्धियां बताई जाएंगी। हर विधानसभा क्षेत्र में गोष्ठियां होंगी।
युवाओं पर फोकस
कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और आईटीआई में युवाओं को जोड़ने के लिए ‘लोकतंत्र बनाम अराजकता’ विषय पर संवाद और प्रतियोगिताएं की जाएंगी। इनके माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर 10 लाख से अधिक युवाओं तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।