विधायक सुरेंद्र पटवा ने रायसेन में लोगों को कहा ‘रावण रूपी’, विवाद बढ़ने पर अगले दिन सोशल मीडिया पर जताया खेद
रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज में विजयदशमी उत्सव के दौरान भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा ने राम-रावण प्रसंग पर बोलते हुए उपस्थित लोगों को ‘रावण रूपी’ कह दिया। बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
Publish Date: Sat, 24 Oct 2026 02:35:11 PM (IST)Updated Date: Sat, 24 Oct 2026 02:35:11 PM (IST)
विधायक सुरेंद्र पटवा ने सफाई दी और अनजाने में हुई चूक के लिए सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त किया। सौ-सोशल मीडियाHighLights
- विजयदशमी कार्यक्रम में दिया विवादित बयान:
- कांग्रेस ने जनता के अपमान का आरोप लगाया
- अगले दिन सोशल मीडिया पर जताया खेद
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायसेन। रायसेन जिले के औबेदुल्लागंज में आयोजित विजयदशमी उत्सव कार्यक्रम के मंच से भोजपुर के भाजपा विधायक सुरेंद्र पटवा की जुबान फिसलने का मामला सामने आया है। राम और रावण के प्रसंग पर बोलते हुए विधायक पटवा ने कार्यक्रम में उपस्थित आम जनता को ही 'रावण रूपी' कह दिया।
इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विपक्षी दल कांग्रेस ने इसे जनता का अपमान करार दिया। विवाद गहराता देख विधायक ने अगले दिन सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर अपनी इस 'मानवीय त्रुटि' के लिए खेद व्यक्त किया है।
मंच से संबोधन के दौरान फिसली जुबान
जानकारी के अनुसार, औबेदुल्लागंज में विजयादशमी के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा राम-रावण प्रसंग पर बोल रहे थे। इसी दौरान संबोधन के प्रवाह में उनकी जुबान फिसल गई और उन्होंने सामने बैठी जनता को ‘रावण रूपी’ कहकर संबोधित कर दिया।
कांग्रेस ने घेरा, वीडियो किया वायरल
विधायक के इस बयान का वीडियो सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। कांग्रेस नेताओं ने गुरुवार को इस वीडियो क्लिप को इंटरनेट मीडिया (सोशल मीडिया) पर साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी और विधायक पर जोरदार हमला बोला। कांग्रेस ने इसे क्षेत्र की जनता का सीधा अपमान बताते हुए विधायक से जवाब मांगा।
सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर जताया खेद
मामले के तूल पकड़ने और सोशल मीडिया पर चौतरफा घिरने के बाद शुक्रवार को विधायक सुरेंद्र पटवा ने सफाई दी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि संबोधन के दौरान मानवीय त्रुटि (टंग स्लिप) के कारण ऐसा शब्द निकल गया था। उन्होंने इस अनजाने में हुई चूक के लिए सार्वजनिक रूप से खेद व्यक्त किया।