
नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। नईदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में सोमवार को भाजपा ने राजधानी में प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश कार्यालय का घेराव करने के लिए पैदल मार्च निकाला।
इस दौरान शिवाजी नगर चौराहे पर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। हालात संभालने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।
प्रदर्शन में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, विधायक भगवानदास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय और भाजपा के शहर अध्यक्ष रविंद्र यति सहित कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी रेडक्रॉस अस्पताल के सामने एकत्रित हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़े।
.jpg)
भाजपा कार्यकर्ताओं को कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग की थी। शिवाजी नगर चौराहे पर दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। इस दौरान विधायक रामेश्वर शर्मा और भगवानदास सबनानी बैरिकेड पर चढ़ गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड के पास पहुंचकर विरोध जताया, जबकि पुलिस उन्हें आगे बढ़ने से रोकने में जुटी रही।
प्रदर्शन के दौरान बैरिकेड के एक तरफ कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में फूल और लाठियां लेकर मौजूद रहे, जबकि दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। भाजपा का प्रदर्शन खड़गे की टिप्पणी के विरोध में आयोजित किया गया था।
यह भी पढ़ें- सिंहस्थ-2028 से पहले 163 करोड़ रुपये से संवरेगा कालभैरव मंदिर, पहले सुधरेगा दर्शन मार्ग